मध्य प्रदेश

युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं को लोकतांत्रिक अधिकारों एवं नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक,

राष्ट्रीय एकता दिवस पर निकाली गई पदयात्रा
सिलवानी। नगर मे मेरा युवा भारत, रायसेन (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा आज सिलवानी स्थित कम्युनिटी हॉल में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 250 से 300 युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में यूथ आइकॉन शिवम मिश्रा द्वारा युवाओं को ‘Know Your Vote’ विषय पर विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने प्रेजेंटेशन के माध्यम से मतदाता जागरूकता, मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक अधिकारों एवं निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR – Special Intensive Revision) के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने युवाओं को जागरूक नागरिक बनकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर खेल जगत में जिले का गौरव बढ़ाने वाले स्पोर्ट्स आइकॉन एवं नेशनल लेवल वॉलीबॉल खिलाड़ी आशीष सोनी को सम्मानित किया गया। उनकी खेल उपलब्धियों एवं अनुभवों के माध्यम से युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया गया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में लगभग 200 युवाओं की सहभागिता से एकता पदयात्रा का आयोजन भी किया गया। पदयात्रा के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी युवाओं को लोकतांत्रिक शपथ एवं नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण, जिम्मेदार नागरिक बनने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक जागरूकता, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक उत्तरदायित्व, खेल भावना एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।
मेरा युवा भारत, रायसेन द्वारा युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने एवं सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button