जेसीबी ऑपरेटर निकला चोर, पुलिस ने 10 घण्टे में धरदबोचा
रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
रायसेन। ग्राम तरावली में एक किसान के खलियान में रखी एक जेसीबी मशीन चोरी जाने से सनसनी फैल गई थी। जिसकी रिपोर्ट जेसीबी मालिक द्वारा गत दिवस किए जाने पर सरगर्मी से तलाश में जुटी उमरावगंज पुलिस ने मात्र 10 घण्टे के अंदर जेसीबी जब्त कर चोर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार उमरावगंज थानांतर्गत ग्राम तरावली से श्रीराम पटेल के खलियान में रखी करीब 15 लाख रुपए मूल्य की एक जेसीबी मशीन एमपी डीबी 1289 को कोई अज्ञात चोर चुराकर ले गया। जेसीबी मालिक फरियादी मियाजान खान पिता मंसूर खान 23 वर्ष निवासी पंचशील नगर भोपाल की रिपोर्ट पर मामला दर्जकर पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन, एसडीओपी आकांक्षा तलयां के मार्गदर्शन एवं थानाप्रभारी विरेन्द्र विश्वकर्मा ने पुलिस टीम के साथ अज्ञात चोर की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी। जिसे मात्र 10 घण्टे के अंदर भोपाल के पास ग्राम बगरोदा के जंगल से बरामद करके जब्त किया है।
उसी जेसीबी के ही ऑपरेटर भगवत नाथ पिता प्रहलाद नाथ निवासी ग्राम गुन पिपलाई थाना काला पीपल जिला शाजापुर को रंगेहाथों गिरफ्तार किया गया है। जो जंगल ही जंगल के रास्ते जेसीबी चोरी करके भाग रहा था। लेकिन उसके फरार होने से पहले ही पुलिस ने धरदबोचा।



