खेलमध्य प्रदेशराजनीति

सांसद खेल महोत्सव 2026-27 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच

सिलवानी। प्रेम सुंदर सांसद खेल महोत्सव 2026-27 के आयोजन की तैयारियों एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर नगर के विश्राम गृह में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में खेल महोत्सव के आयोजन, प्रतिभागियों की सहभागिता तथा विभिन्न स्तरों पर खेल प्रतियोगिताओं के संचालन को लेकर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह ने कहा कि यह खेल महोत्सव केंद्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल से आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें प्रोत्साहित करना और आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि सांसद खेल महोत्सव 2026-27 में सभी शासकीय स्कूलों एवं कॉलेजों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ निजी स्कूलों और कॉलेजों के खिलाड़ी भी सहभागिता कर सकेंगे। ग्राम पंचायत स्तर से लेकर मंडल स्तर तक टीमें इस आयोजन में भाग लेंगी, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
पूर्व मंत्री ने कहा कि खेल महोत्सव के माध्यम से गांवों में मौजूद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच मिलेगा। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा है कि विदिशा संसदीय क्षेत्र की खेल प्रतिभाएं प्रदेश, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करें और खेल के क्षेत्र में क्षेत्र का नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। यह आयोजन लगातार दूसरे वर्ष आयोजित किया जा रहा है, जिसे लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों से आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता और सहयोग की अपील की गई।
बैठक मे भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, संतोष जैन, विभोर नायक, पप्पू ठाकुर, संदीप शर्मा, पुनीत समैंया, सलीम काजी, लखन चंदेल, राजीव समैंया, मिलन जैन, गुड्डू भाई, पार्षद प्रदीप कुशवाहा, एल्डरमैन ओंकार शर्मा, किशोर सिहं शेखावत, गुड्डा मेहरा सहित शिक्षा विभाग एवं अन्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button