मध्य प्रदेश

अब तक 245 करोड़ का मिला राजस्व, नई शराब नीतिः जिले भर में 21 अहाते होंगे बंद, चार शराब दुकानें भी हटेंगी

रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन । प्रदेश सरकार की नई शराब नीति का असर जिले की शराब दुकानों पर भी पड़ने वाला है। जिले में शराब की चार दुकानें ऐसी हैं, जो स्कूल और धार्मिक स्थलों के पास हैं, जिनका स्थान परिवर्तन करने के लिए आबकारी विभाग ने सर्वे शुरू कर दिया है। शराब दुकानों के पास संचालित होने वाले अहाते भी पूरी तरह से बंद होने जा रहे हैं। यानि जिले में 21 अहाते भी बंद हो जाएंगे । ऐसी स्थिति में अब लोग सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते नजर आएंगे, जिससे विवाद होने की स्थिति बनने से इंकार नहीं किया जा सकता है ।
रायसेन जिले में 66 शराब की दुकानें हैं, जिनसे शासन को 269 करोड़ रुपए का राजस्व वित्तीय वर्ष में प्राप्त होना है। इसमें से 245 करोड़ रुपए का राजस्व अब तक शासन को प्राप्त हो चुका है। शेष राजस्व की प्राप्ति के लिए आबकारी विभाग के पास मार्च का महीना है। इससे विभाग को पूरा राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद बनी हुई है। लेकिन नई शराब नीति ने विभाग की चिंता को बढ़ा दिया है। क्योंकि जो नई दुकानें आवंटित होना हैं, वे 10 प्रतिशत वृद्धि के साथ दी जाना हैं। मतलब आबकारी विभाग को नए वित्तीय वर्ष में 296 करोड़ रुपए का राजस्व एकत्रित करने का लक्ष्य मिलने वाला है।
जिले में ये चार दुकानें होंगी प्रभावित
सहायक आबकारी आयुक्त दीपम रायचुरा ने बताया कि शासन की नई शराब नीति में स्कूल और धार्मिक स्थल का दायरा 100 मीटर कर दिया गया है । इस नई आबकारी नीति के लागू होने के बाद जिले की चार दुकानें आ रही हैं। जिनमें औबेदुल्लागंज में संतोषी माता मंदिर के पास, सिलवानी, हरदौट गैरतगंज और दीवानगंज की एक-एक शराब दुकान शामिल है। जिनका सर्वे कराया जा रहा है ताकि उन्हें दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करवाया जा सके।

Related Articles

Back to top button