72 घंटे में गिरफ्तार हुआ पत्नी की हत्या का फरार आरोपी पति

रजपुरा पुलिस की सफलता*
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह/रजपुरा। रजपुरा थाना पुलिस ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पत्नी की हत्या कर फरार हुए इनामी आरोपी पति को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पुलिस ने ₹5000 का इनाम घोषित किया था। थाना प्रभारी सरदार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार तीन दिनों तक जंगलों और संभावित ठिकानों में सघन सर्चिंग अभियान चलाया और सटीक सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई। मामला 22 अक्टूबर 2025 का है, जब आरोपी ने किसी पारिवारिक विवाद के चलते लोहे की गैती से अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसके चलते क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया तथा एसडीओपी प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में आरोपी की तलाश शुरू की गई थी। रजपुरा थाना प्रभारी सरदार सिंह ने पुलिस बल के साथ जंगलों, पहाड़ियों और गांवों में लगातार सर्चिंग की और अंततः आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।



