चांदी के विमान में निकली आदिनाथ जी की शोभायात्रा

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नगर में विराजमान मुनि सुद्दत सागर महाराज, मुनि गुरुदेत सागर महाराज एवं चंद्रदत्त सागर छुल्लक जी के ससंघ सानिध्य में हदाईपुर जैन मंदिर से प्रथम तीर्थंकर एवं प्रवर्तन 1008 आदिनाथ जी (ऋषभदेव) की जयंती धूमधाम से मनाई गई।
आज सुबह तड़के जैन धर्मालंबियों द्वारा आदिनाथ जी की शोभायात्रा टीचर्स कॉलोनी स्थित जैन मंदिर से मंगल आरती के बाद निकाली गई। चांदी के विमान में सवार होकर आदिनाथ जी निकले।
शोभायात्रा में शाडोरा भजन बैंड पार्टी भजन गाते हुए एवं बांदरी के कलाकार वाद्य यंत्रों से आकर्षक प्रस्तुति देते हुए चल रहे थे। वहीं जैन समाज की सैकड़ों महिलाएं, बालिकाएं अपनी ड्रेस कोड एवं पुरुष धोती-दुपट्टे में चल रहे थे।
आज अनुयाइयों के सभी प्रतिष्ठान बंद रहे, उन्होंने अपने आराध्य के स्वागत में अपने -अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के सामने तोरण द्वार बनाए एवं रंगोली की भी साजसज्जा की थी।
शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गो सागर-भोपाल रोड, नया बस स्टैंड, गर्ल्स स्कूल रोड, गांधी बाजार, कबीट चौराहा, बड़ा जैन मंदिर, मेन रोड, पुराना बस स्टैंड से होते हुए वापिस टीचर्स कॉलोनी जैन मंदिर पहुंचकर शोभायात्रा ने विराम लिया ।
जहां पर आचार्य श्री 108 समाधि सम्राट विद्यासागर महाराज के परम प्रभावी शिष्य आचार्य श्री 108 समय सागर महाराज के मंगल आशीर्वाद से आचार्य श्री 108 निर्भय सागर के परम प्रभावी शिष्य मुनिश्री 108 सुदत्त सागर जी महाराज , मुनिश्री गुरुदैत्य सागर महाराज एवं क्षुल्लक चंद्रदत्त सागर जी के ससंघ सानिध्य में आदिनाथ ऋषभदेव जी का अभिषेक एवं शांति धारा का पाठ किया गया।



