मध्य प्रदेश

नदी-नाले उफान पर, प्रशासन अलर्ट; एसडीओपी ने कहा- जान जोखिम में डालकर पार न करें

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कई नदी-नाले उफान पर होने से प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है।
एसडीओपी सोनाली गुप्ता ने आमजन से अपील की है कि उफान पर चल रहे नदी-नालों को पैदल या किसी भी वाहन से पार करने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान नदी-नालों का बहाव अचानक तेज हो सकता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
संवेदनशील क्षेत्रों में होमगार्ड जवान तैनात
प्रशासन ने संवेदनशील नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में होमगार्ड के जवानों की तैनाती की है। जवान मौके पर निगरानी रख रहे हैं और लोगों को तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की समझाइश दे रहे हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की तैयारी भी रखी गई है।
प्रशासन की अपील- सावधानी ही सुरक्षा
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और पुल-पुलियों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। पानी का बहाव अधिक होने पर रास्ता पार करने की कोशिश न करें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। सुरक्षित रहें और किसी भी जोखिम से बचें।

Related Articles

Back to top button