आईपीसी कंपनी ने अधूरा व घटिया निर्माण किए जाने से नाराज नागरिकों ने सौंपा ज्ञापन
ठेकेदार पर कार्यवाही की मांग
सिलवानी। बुधवार को नागरिकों द्वारा मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार संजय नागवंशी को लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आईपीसी सड़क निर्माण कंपनी द्वारा सीसी सड़क निर्माण व छोटे पुल निर्माण में अधूरा व घटिया निर्माण कार्य किए जाने के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि स्टेट हाइवे 15 सियरमऊ रोड की मुख्य सड़क से गांधी नगर पड़ान से मकबूल खान की ग्वारी तक आईपीसी कंपनी द्वारा सीसी सड़क व छोटे-छोटे पुलों का घटिया एवं गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य किया है जो कि अधूरा पड़ा है। पूर्व में हुए उक्त निर्माण कार्य में जगह-जगह से घटिया निर्माण के चलते सड़क व पुलिया जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है, जिस कारण वार्डवासियों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
सड़क निर्माण एवं छोटे-छोटे पुलियों का निर्माण गुणवत्तायुक्त शासकीय एस्टीमेट अनुसार कार्य किया जाए तथा लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत बनाने वाली सड़क निर्माण कंपनी आईपीसी के खिलाफ प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्यवाही करते हुए आईपीसी कंपनी पर पेनाल्टी लगाई जाए तथा ठेकेदारी का लायसेंस निरस्त किया जाए। इस दौरान पूर्व पार्षद सगीर कुरैशी, रामस्वरूप, कासिफ, ओमप्रकाश, इरफान, दिनेश आदि मौजूद रहे।



