कुंडाली में दो पक्षों में विवाद, हुई आगजनी
प्रेम प्रसंग का मामला, लड़की को लेकर भागा लड़का इस पर बढ़ा विवाद।
सिलवानी। रायसेन जिले की सिलवानी तहसील के ग्राम कुंडाली में रविवार शाम दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ। जिसमें कई वाहन जला दिए गए। एक दूसरे पर जमकर पत्थरबाजी की गई। दुकान में भी तोडफ़ोड़ की गई। जानकारी के अनुसार साहू समाज का लड़का शुक्रवार को लोधी समाज की लड़की को लेकर भाग गया था, इसी को लेकर विवाद बढ़ा है। रविवार शाम बाजार में लोधी समाज के लड़कों द्वारा साहू समाज के लोगों के साथ अभद्रता की थी। इसी को लेकर दोनों पक्षों में लड़ाई ने उग्र रूप ले लिया, जिसमें लोधी समाज के लोगों ने साहू सामाज के लड़के के घर में आग लगा दी। जिसमें ट्रेक्टर, मोटरसाइकिल सहित अन्य वाहन जल गए। लोगों ने लड़का पक्ष की एक दुकान में भी तोडफ़ोड़ की है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी विकास कुमार सहवाल घटना स्थल पर पहुंच गए थे। कुंडाली में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। आस-पास के थानो से भी पुलिस बल बुलाया गया है।
एएसपी अमृत मीणा ने बताया कि शुक्रवार को साहू समाज का लड़का लोधी समाज की लड़की को लेकर कहीं चला गया था। शनिवार को कुंडाली थाने में इसकी रिपोर्ट भी दर्ज की गई थी। शनिवार शाम दोनो पक्षों के बीच गांव के प्रभावशाली लोगों ने बैठक भी कराई थी।
रविवार शाम लगीाग साढ़े सात बजे लोधी समाज के कई लोगों ने एकत्र होकर लड़का पक्ष के घर पर हमला कर दिया। जिसमें ट्रेक्टर सहित अनय वाहनो में आग लगा दी। दुकान में तोडफ़ोड़ की। दोनो ओर से जमकर पत्थरबाजी भी हुई, जिसमें एक महिला सहित कुछ लोग घायल हुए हैं। एएसपी मीणा ने बताया कि लड़का और लड़की दोनो बालिग हैं। जो पूरी तैयारी के साथ भागे हैं। उनकी तलाश की जा रही है।