तेज़ रफ़्तार ट्रक की चपेट में आया नाबालिग श्रद्धालु, दोनों पैर गंभीर रूप से घायल; चक्काजाम, ट्रक में तोड़फोड़

सिलवानी। चंदन पिपरिया क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नर्मदा जी पिंड भरने जा रहे एक नाबालिग श्रद्धालु को तेज़ रफ़्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसके दोनों पैर बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल बालक का नाम दीपक पिता हरिगोविंद, उम्र 8 वर्ष, निवासी हतोडा है। घटना के तुरंत बाद मौजूद लोगों ने पुलिस और 108 एंबुलेंस की मदद से बच्चे को सिविल हॉस्पिटल सिलवानी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक को घेर लिया और उदयपुरा–सिलवानी स्टेट हाइवे 44 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया। आक्रोशित लोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ भी की। ग्रामीणों का आरोप है कि मार्ग पर तेज़ रफ़्तार और लापरवाही से वाहन चलाए जा रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर एसडीओपी अनिल मौर्य पहुंचे और समझाइश देकर जाम खुलवाया। ग्रामीण ड्राइवर को जनता के हवाले करने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



