रेलवे ठेकेदार के पिता की ट्रेन की चपेट में आने से मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मामला हाई प्रोफाइल होने के चलते मौके पर पंहुचे SP, ASP
शव को पीएम के लिए भेजा भोपाल एम्स अस्पताल
रिपोर्टर : नसीम अली
रायसेन । रायसेन जिले के सलामतपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात्रि दीवानगंज सेमरा के रेलवे ट्रैक पर एक रेलवे ठेकेदार के पिता की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं परिजनों ने हत्या की आंशका जताई है। मामला हाई प्रोफाइल होने के चलते मौके पर रायसेन पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृत मीणा और सलामतपुर दीवानगंज पुलिस बल पहुंच गया। वहीं घटनास्थल पर ड्रोन कैमरे से भी रिकार्डिंग कराई गई है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भोपाल के एम्स अस्पताल भेजा गया है। समय ज़्यादा होने के कारण पोस्टमार्टम सोमवार को किया जाएगा।
जानकारी अनुसार रायसेन जिले के दीवानगंज सेमरा गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे रेलवे के सिग्नल लाइन की केबल डाल रहे ठेकेदार आशुतोष सिंह के पिता अशोक सिंह निवासी कोटरा सुल्तानाबाद भोपाल की ट्रेन की चपेट में आने से शनिवार देर रात्रि मौत हो गई। वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। बता दें कि मौके पर कुछ दिन से कोई अज्ञात चोर केबल काटकर चोरी कर रहा था। इसी मामले को देखने के लिए ठेकेदार आषुतोष के पिता अशोक सिंह सुपरवाइजर राशिद के साथ शनिवार को साइट पर पहुंचे थे और उन्होंने सुपरवाइजर राशिद को चेक करने के लिये भेजकर खुद वहीं रुक गए। वापस आने पर सुपरवाइजर ने अशोक सिंह को ढूंढा तो नही मिले। जब उनका फोन परिजनों ने भी लगाया तो फोन रिसीव नहीं किया गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने रेलवे किनारे सब जगह देखा और पुलिस को सूचना दी। काफी ढूंढने पर अशोक सिंह का शव डाउन ट्रैक के खंबा नम्बर 864/23 के पास मिला।
केवल हो रही थी चोरी देखने आए थे ठेकेदार के पिता रेलवे ठेकेदार आशुतोष सिंह का रेलवे सिग्नल की अंडर ग्राउंड केबल डालने का काम दीवानगंज क्षेत्र के सेमरा में चल रहा है। काफी दिनों से उनकी केबल मौके से चोरी हो रही है। इसी मामले को देखने के उनके पिता अशोक सिंह अपने सुपरवाइजर राशिद निवासी ग्राम हरराखेड़ा बैरसिया भोपाल के साथ अपनी कार से सेमरा पहुंच गए और सुपरवाइजर को चेक करने भेजकर खुद मौके पर ही रुक गए और ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। वहीं परिजनों ने अशोक सिंह की हत्या की आशंका जताई है।
इस संबंध में विकाश कुमार शाहवाल, पुलिस अधीक्षक रायसेन का कहना है कि डायल 100 पर रात्रि 12 बजे सूचना मिली थी कि दीवानगंज सेमरा रेलवे ट्रेक के पास कोई व्यक्ति की ट्रेन से टकराकर मौत हो गई है। प्रथम दृष्टया ट्रेन एक्सीडेंट का मामला सामने आया है। वहीं परिजनों ने जो भी आरोप लगाएं हैं उनकी हम बारीकी से जांच कर रहे हैं। मृतक अशोक सिंह का शव पीएम के लिए भोपाल एम्स अस्पताल भेजा गया है।



