छींद जा रहे श्रद्घालुओं की वैन को कार ने सामने से टक्कर मारी, 9 घायल

रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। थाना सुल्तानपुर नगर के शनि मंदिर के पास मारुती वैन और कार की आमने सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में 9 लोग घायल हो गए।जिन्हें गंभीर हालत में रायसेन और भोपाल रेफर किया गया। वैन में सफर लोग बरेली स्थित छींद धाम पर दर्शन करने के लिए जा रहे थे। तभी यह हादसा हो गया। जबकि कार सुल्तानपुर की तरफ आ रही थी। सेमरी कला कैंप नंबर चार में रहने वाला निरंकारी परिवार वैन से जा रहे थे। यह लोग सुल्तानपुर में शनि मंदिर के पास रुक कर प्रसाद ग्रहण करने लगे।तभी भोपाल की तरफ से आ रही कार ने खड़ी वैन में सामने से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वैन में आगे बैठे मदन गोपाल 55 साल, ड्राइवर पप्पू यादव 32 साल के साथ ही सरिता, नेहा, कविता, रिंकू सहित अन्य लोग घायल हो गए। मदन गोपाल के दोनों पैर टूट गए।जबकि ड्राइवर पप्पू के सीने और पैर में चोट आई है। कार मालिक केशव और ड्राइवर सार्थक भी घायल हुआ है। इन सभी को पुलिस ने इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वैन में फंसे लोगों को निकालने के लिए पुलिस और लोगों को गेट को कटवाना पड़ा। अस्पताल में डॉ. विवेक व्यास ने घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रायसेन व भोपाल रेफर कर दिया।



