मध्य प्रदेश

समर्थन मूल्य पर ग्रीष्मकालीन मूंग खरीदी के पंजीयन का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

समर्थन मूल्य पर खरीदी होने से खुश हैं मूंग उत्पादक किसान
रायसेन। प्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग खरीदी के पंजीयन का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वर्चुअली शुभारम्भ किया गया। उन्होंने मूंग उत्पादक कृषकों से भी चर्चा की। प्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूँग का समर्थन मूल्य 7,196 रूपये प्रति क्विंटल निर्धारत किया गया है। रायसेन में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में कलेक्टर उमाशंकर भार्गव, उप संचालक कृषि एन.पी. सुमन सहित मूंग उत्पादक किसान ऑनलाईन कार्यक्रम से जुड़े।
मुख्यमंत्री चौहान ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार और प्रदेश सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश में सिंचित भूमि में वृद्धि के लिए लगातार काम किया जा रहा है। आज मध्यप्रदेश में 42 लाख हेक्टेर सिंचित भूमि है और इसे 65 लाख हेक्टेर तक ले जाना है। उन्होंने कहा कि किसान को उचित दाम मिले इसके लिये प्रयास लगातार जारी है। कोरोना के महासंकट में प्रदेश सरकार ने लगातार खरीदी जारी रखी है। चना, मसूर, सरसों की भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी की है।
मुख्यमंत्री चौहान ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य किसान को उसके उत्पाद का लाभकारी मूल्य दिलाना है। हमने आँकलन किया कि मूंग के दाम गिर रहे हैं और तब हमने त्वरित फैसला किया कि चाहे आंधी-बारिश हो हम मूंग खरीदेंगे। प्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूँग का समर्थन मूल्य 7,196 रूपये प्रति क्विंटल निर्धारत किया गया है। उन्होंने किसानों से कहा कि कोरोना वायरस अभी खत्म नहीं हुआ है, इसलिए सावधानी रखते हुए उत्पाद बेचें।
मूंग कम लागत में अधिक मुनाफे वाली फसल
कलेक्टर भार्गव द्वारा एनआईसी कक्ष में उपस्थित किसानों से मूंग उत्पादन के संबंध में चर्चा करते हुए जानकारी ली गई। किसानों ने बताया कि मूंग की फसल अच्छी है और इस बार लगभग 5-6 क्विंटल प्रति एकड़ की फसल मिली है। यह तीसरी फसल और कम लागत की है, जिससे किसानों की आमदानी में वृद्धि होगी। कलेक्टर भार्गव ने किसानों से कहा कि मूंग उपार्जन हेतु किसान निर्धारित समय में पंजीयन करा लें तथा उपार्जन केन्द्र पर मूंग विक्रय के लिए लाते समय बारिश के मौसम के दृष्टिगत तिरपाल सहित जरूरी इंतजाम भी कर लें। जिससे कि उपज को बारिश से बचाया जा सके।
समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी होने से खुश हैं केवल सिंह
प्रदेश सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी की जाने से जिले के मूंग उत्पादक किसान बेहद प्रसन्न है। जिले के सुल्तानगंज निवासी किसान केवल सिंह धाकड़ ने भी चार एकड़ में ग्रीष्मकालीन मूंग लगाई, जिससे उन्हें लगभग 20 क्विंटल उत्पादन मिला है। केवल सिंह धाकड़, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद देते हुए कहते हैं कि अभी व्यापारी लगभग 5500-6000 रू के आसपास प्रति क्विंटल मूंग की खरीदी कर रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य 7196 रू निर्धारित किया गया है। इस प्रकार किसानों को अभी के बाजार भाव से प्रति क्विंटल मूंग पर हजार से बारह सौ रू बढ़कर मिलेंगे। केवल सिंह ने बताया कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मूंग बेचने से उन्हें लगभग 20 से 22 हजार रू ज्यादा मिलेंगे।

Related Articles

Back to top button