कलेक्टर ने प्राकृतिक एवं जैविक हाट-बाज़ार का किया शुभारंभ

रागी व हरा धनिया खरीदकर किया ऑनलाइन भुगतान — हर मंगलवार लगेगा बाजार
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जिला चिकित्सालय के सामने नगर निगम सब्जी मार्केट में मंगलवार को कलेक्टर आशीष तिवारी ने प्राकृतिक एवं जैविक हाट बाज़ार का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान कलेक्टर ने मानव जीवन विकास समिति के स्टॉल से रागी तथा प्रगतिशील किसान हरेन्द्रलाल सिंह से हरा धनिया खरीदा और ऑनलाइन भुगतान कर डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा दिया।
शुभारंभ कार्यक्रम में नगर निगम कमिश्नर तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीई हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत शर्मा तथा उपसंचालक कृषि डॉ. रामनाथ पटेल उपस्थित रहे।
कलेक्टर तिवारी ने बताया कि जैविक व प्राकृतिक उत्पाद स्वाद, पौष्टिकता और गुणवत्ता के लिहाज से बेहतर होते हैं। किसानों को सीधे बाजार उपलब्ध कराने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में यह हाट-बाजार शुरू किया गया है। यह कटनीवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है, जहां उन्हें शुद्ध, ताजी और घरेलू जैविक सब्जियां एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।
कार्यक्रम में जिले के प्राकृतिक व जैविक खेती करने वाले किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। किसानों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर जैविक धान, चावल, गेहूं, कोदो, कुटकी, चिया, मक्का, रागी, मसाले, विभिन्न सब्जियां, पत्तेदार सब्जियां तथा पारंपरिक जड़ी-बूटियां उपलब्ध रहीं।
झंडा बाजार निवासी सचिन अग्रवाल ने हाट-बाजार की इस पहल को जनस्वास्थ्य की दृष्टि से सराहनीय बताया।
यह हाट-बाजार प्रत्येक मंगलवार नगर निगम मार्केट में लगाया जाएगा। केवल वे किसान ही शामिल होंगे जो प्राकृतिक एवं जैविक विधि से ही उत्पादन करते हैं।
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद अवकाश जायसवाल, परियोजना संचालक आत्मा अरुणा सेन, रजनी चौहान, अनुविभागीय कृषि अधिकारी पूनम गर्ग तथा विभिन्न ग्रामों से आए प्रगतिशील जैविक किसान भी उपस्थित रहे।



