कोरोना महाविस्फोट : 98 पॉजिटिव मिले, आंकड़ा 2005 पर पहुंचा,157 स्वस्थ भी हुए
जिले में कोरोना से अभी तक दो लोगों की मौत, दोनों गंभीर बीमारी से थे पीड़ित
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। जिले भर में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। कोरोना की तीसरी लहर में जिले में कोरोना से जिन दो लोगों की मौत हुई है, वे कई प्रकार की गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। अभी दो रोज पहले बेगमगंज के रहने वाले एएसआई की कोरोना से एम्स हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ा था। जिस महिला से कोरोना संक्रमण से मौत हुई थी, वह कैंसर से पीड़ित थीं और उसका ऑपरेशन भी हुआ था। वहीं जिस एएसआई की संक्रमण से मौत हुई, वह किडनी और लीवर की बीमारी से ग्रसित होकर एम्स अस्पताल भोपाल में अपना इलाज करवा रहे थे।
98 नये एक्टिव केस मिले….
जिले में स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 98 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। जिनके साथ ही कोरोना मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 2005 पर पहुंच गया है, जबकि 157 लोग कोरोना से जंग जीतकर अपने घर लौट चुके हैं। कोरोना संक्रमण के साथ ही रिकवरी रेट भी बढ़ रहा है, जो लोगों के लिए सुकून वाली बात हो सकती है। जिले भर में 961 लोग होम आइसोलेशन में रहकर अपना इलाज करवा रहे हैं। जबकि 965 मरीज एक्टिव श्रेणी में है।
कलेक्टर अरविंद दुबे, सीएमएचओ डॉ. दिनेश खत्री ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण से अभी तक दो लोगों की मौत के आंकड़े जुड़े हैं, लेकिन वे मरीज कई गंभीर बीमारियों से पीडित थे। जिले में संक्रमण को रोकने के लिए लगातार सैंपलिंग कराई जा रही है।उन्होंने लोगों से बचाव के लिए फेस मास्क और सोशल डिस्टेनिसिंग का पालन करने का आग्रह किया है।



