नवरात्र में वाहन बाजार में लौटी रौनक, जीएसटी में कटौती से ग्राहकों को मिला राहत का लाभ

सिलवानी। नवरात्र का शुभारंभ नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में बाजारों की रौनक के साथ हुआ है। विशेष रूप से ऑटोमोबाइल सेक्टर में खरीदारों का उत्साह चरम पर है। नवरात्र के पहले ही दिन जीएसटी दरों में हुई कमी से वाहन बाजार में नई जान आ गई है।
वाहन शोरूम पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी है। शुभ मुहूर्त में वाहन खरीदने की परंपरा को देखते हुए बड़ी संख्या में लोग टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर की बुकिंग कर रहे हैं। शोरूम संचालकों के अनुसार, जीएसटी में कटौती से गाड़ियों के दामों में 5 से 14 हजार रुपये तक की कमी आई है, जिसका सीधा लाभ ग्राहकों को मिल रहा है।
ग्राहकों के लिए लुभावने ऑफर:
त्योहारी मौसम को देखते हुए कंपनियों ने भी विशेष छूट, फेस्टिव ऑफर, आकर्षक गिफ्ट वाउचर, लकी ड्रॉ और फ्री सर्विस पैकेज जैसी योजनाएं शुरू कर दी हैं। इन स्कीमों से ग्राहकों की रुचि और अधिक बढ़ गई है। शोरूम संचालकों का कहना है कि इस बार नवरात्रि के पहले ही दिन वाहनों की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
ग्राहकों की प्रतिक्रिया:
मोटरसाइकिल खरीदने आए रूपेश रैकवार ने बताया कि वह कुछ दिन पहले ही कीमतें पूछने शोरूम आए थे, लेकिन बाइक खरीदने पर उन्हें करीब 6500 रुपये का लाभ मिला। वहीं अन्य ग्राहकों ने बताया कि पहले बताए गए मूल्य की तुलना में उन्हें 14 हजार रुपये तक की छूट मिली, जिससे वे काफी संतुष्ट हैं।
ग्राहकों ने कहा कि नवरात्र जैसे शुभ अवसर पर वाहन खरीदना समृद्धि का प्रतीक माना जाता है, और जब कीमतें भी कम हो जाएं, तो इससे बेहतर अवसर और क्या हो सकता है।
एक्सचेंज और फाइनेंस स्कीमों का भी लाभ:
इस नवरात्रि ग्राहक नई गाड़ियों की बुकिंग के साथ-साथ एक्सचेंज ऑफर और फाइनेंस योजनाओं का भी भरपूर लाभ उठा रहे हैं। इससे मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए भी वाहन खरीदना अब पहले की तुलना में अधिक सुलभ हो गया है।
*ऑटोमोबाईल संचालकों उम्मीदें और भी बढ़ीं*
शोरूम संचालकों का कहना है कि नवरात्र की शुरुआत जितनी जोरदार रही है, आने वाले दिनों में बिक्री और बढ़ने की पूरी संभावना है। त्योहारी मौसम में वाहन बाजार की यह रौनक स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी शुभ संकेत है।



