जनपद अध्यक्ष सुनीता दुबे ने 10 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया भूमि पूजन

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत मंगेली के ग्राम बिछिया एवं धनवाही में विकास कार्यों को नई गति देते हुए जनपद अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे ने कुल 10 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का विधि-विधान से भूमि पूजन किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम बिछिया में 6 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सांस्कृतिक भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया । ग्रामीणों ने बताया कि सांस्कृतिक भवन बनने से गांव में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी । वहीं ग्राम धनवाही में मुख्य मार्ग से पंकज सिंह के घर की ओर 4 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ड्रेनेज निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया गया। इस निर्माण से बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जनपद अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार जनपद पंचायत की प्राथमिकता है । गांवों में सड़क, नाली, भवन एवं अन्य आवश्यक निर्माण कार्यों के माध्यम से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने लगातार प्रयास किए जा रहे हैं । उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके।
भूमि पूजन कार्यक्रम में सरपंच संजय दाहिया, अनिरुद्ध पांडेय, त्रिवेणी ज्योतिषी, सत्यनारायण पांडेय, ओमप्रकाश गर्ग, रामप्रसाद, मुरारीलाल, उपसरपंच विराट पाण्डेय, सचिव एवं रोजगार सहायक अंकित पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



