क्राइम

डॉक्टर पति ने पत्नी को घर में गला घोंटा, 50 किमी दूर पेट्रोल डालकर जलाया

बेटी से बोला- मां को डॉक्टर के पास ले जा रहा, तीन कहानियों से फंसा आरोपी पति
युवती से अफेयर ने पति को बनाया पत्नी का हत्यारा

सागर । एमपी के सागर में डॉक्टर की पत्नी की कार में जलने से हुई मौत मामले में पुलिस ने डॉक्टर पति और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में रोंगटे खड़े करने वाली कहानी सामने आई है। आरोपी पति ने घर में पत्नी सीमा का गला घोंटा और गढ़ाकोटा से 50 किमी दूर चनाटोरिया पर लाकर पेट्रोल डालकर कार में जला दिया था। हत्या को आरोपियों ने हादसा बनाने की कोशिश की थी। लेकिन वारदात के दौरान मौके पर छोड़े साक्ष्यों से आरोपी पकड़ा गए।
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी डॉ. पति नीलेश कुर्मी वारदात की तारीख 20 मार्च को रात करीब 2 बजे घर पहुंचा। पत्नी ने देर रात घर आने का कारण पूछा तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा की आरोपी नीलेश ने पत्नी सीमा कुर्मी का गला घोंट दिया।
जिससे वह अचेत हो गई। सीमा कोई मूवमेंट नहीं कर रही थी। जिसे देख वह घबरा गया। उसने तत्काल मकान में किराए से रहने वाले रामकृष्ण और शुभम पटेल को बुलाया। उन्हें बताया कि तुम्हारी भाभी सीमा को हार्ट अटैक आया है। अस्पताल ले चलते है। दोनों की मदद से सीमा को कार में बैठाया। इसी दौरान घर में मौजूद बेटी जाग गई।
जिसे देख आरोपी ने कहा कि मां की तबीयत खराब है, उन्हें अस्पताल ले जा रहे हैं। इतना कहकर वह कार लेकर सागर की ओर निकल गया। इसी बीच रास्ते में उसने अपने ससुर और साले को फोन लगाकर सीमा की तबीयत खराब होने की बता बताई। रात करीब 4 बजे चनाटोरिया के पास पहुंचा। जहां सड़क किनारे कार लगाई और पत्नी सीमा के ऊपर पेट्रोल डाल दिया।
पेट्रोल डालकर माचिस की तीली जलाई और आग लगा दी। आग लगाने के बाद आरोपी और उसके साथी सड़क किनारे आकर बैठ गए। वह सीमा को कार में जलते हुए देखता रहा। मामले में पुलिस ने डॉक्टर पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनसे वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को जानबूझकर आग लगाने का शक हुआ शनिवार की सुबह करीब 4 बजे सानौधा थाना क्षेत्र के सागर-गढ़ाकोटा रोड पर चनाटोरिया के पास कार में आग लग गई। आगजनी में कार में सवार एक महिला की जलने से मौत हो गई। जबकि उसका पति और अन्य युवक सुरक्षित बाहर निकल आए। घटनाक्रम में उन्हें खरोंच भी नहीं आई। घटना के समय कार में मृतका सीमा कुर्मी, उनके पति डॉ. नीलेश कुर्मी, रामकृष्ण कुर्मी और शुभम कुर्मी सवार थे।
वारदात सामने आते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में कार में आग की घटना संदेहास्पद लगी। संदेह पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो कई सुराग हाथ लगे। जिसमें मामला कार में जानबूझकर आग लगाने का प्रतीत हुआ। जिसको लेकर आगे की जांच की गई।
वारदात की रात बेटा-बेटी दूसरे कमरे में सो रहे थे वारदात की रात पति और पत्नी के बीच विवाद बेडरूम में हुआ। इस दौरान घर में उनकी 11 वर्षीय बेटी और 9 वर्षीय बेटा मौजूद था, लेकिन वह दोनों दूसरे कमरे में सो रहे थे। आरोपी का बड़ा बेटा हॉस्टल में रह रहा है। वारदात के बाद बेटी की नींद खुल गई थी। आरोपी पिता ने उससे कहा कि मां की तबीयत खराब है, उनका इलाज कराने अस्पताल लेकर जा रहे हैं। दरवाजे अंदर से बंद कर लेना।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी डॉ. नीलेश का अफेयर गढ़ाकोटा क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली युवती से चल रहा था। युवती क्लीनिक पर आती रहती थी। इसी दौरान उनकी जान-पहचान हुई थी। जिसके बाद दोनों फोन पर बात करने लगे थे। फोन पर बात करने और देर रात घर लौटने की बात को लेकर पत्नी सीमा को पति पर संदेह हुआ।
दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगे। बताया जा रहा है कि पत्नी सीमा ने पति की फोटो युवती के साथ देख लिए थे। जिसके बाद से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। इन्हीं विवाद को लेकर आरोपी पति सीमा को रास्ते से हटाने की साजिश करने लगा। मौका मिलते ही उसने पत्नी की हत्या की और कार में जला दिया।
साक्ष्य मिटाने के लिए कार में पत्नी को जलाया आरोपी डॉ. पति ने पत्नी सीमा का गला दबाया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी। हालांकि पीएम रिपोर्ट अभी पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है। संदेह है कि आरोपी पति को जानकारी थी कि गला दबाने से पत्नी सीमा की मौत हो गई। ऐसे में यदि वह पत्नी को अस्पताल लेकर जाता तो वारदात उजागर हो सकती थी। साक्ष्यों को छिपाने के लिए उसने एक्सीडेंट की साजिश रची।
इसी के तहत उसने पहले किसी वाहन से कार की टक्कर करने का प्लान किया। लेकिन उसे डर था कि वह भी उसकी चपेट में न आ जाए। जिसके बाद आरोपी ने सुनसान इलाके में कार खड़ी की और पत्नी पर पेट्रोल डालकर कार में आग लगाकर घटना या हादसे का रूप देने की कोशिश की थी। क्योंकि आरोपी डॉक्टर है, उसे पता था कि सीमा अस्पताल पहुंची तो उसके गले के निशान सामने आ जाएंगे और वह फंस जाएगा।
आरोपी डॉ. पति के साथ कार में मौजूद सहआरोपी रामकृष्ण पटेल और शुभम पटेल ने भी वारदात को छिपाया। गढ़ाकोटा में मृत सीमा को कार में बैठाते समय दोनों को घटनाक्रम की जानकारी नहीं थी। लेकिन कार में जब डॉक्टर ने पेट्रोल डालकर आग लगाई, तब दोनों मौके पर मौजूद थे। लेकिन उन्होंने सीमा को बचाने की कोशिश नहीं की।
इसके अलावा दोनों ने पुलिस को भी घटनाक्रम की सूचना नहीं दी। संदेह पर पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो शुरुआती पूछताछ में सहआरोपियों ने वारदात को छिपाया। जब सख्ती की गई तो हत्याकांड की कहानी उगल दी थी। इसलिए पुलिस ने मामले में दोनों को आरोपी बनाया है।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी डॉक्टर नीलेश बेहद शातिर है। वह कई वर्षों पहले बीएसएफ की ट्रेनिंग ले चुका है। लेकिन बीएसएफ की नौकरी करने के लिए नहीं गया था। जिसके बाद पढ़ाई की और डॉक्टर बन गया। वर्तमान में गढ़ाकोटा में क्लीनिक खोलकर मरीजों का इलाज करता है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह किया। कभी एक्सीडेंट तो कभी सीएनजी में ब्लास्ट होने की बात कहता रहा। लेकिन पुलिस ने वारदात स्थल पर मिले साक्ष्यों की जांच की तो उसकी कहानी झूठी साबित हुई।
जलने से पहले सीमा जिंदा थी या मृत, अब भी सवाल वारदात में मृत हुई सीमा का शव आग लगने से पूरी तरह जल चुका था। कंकाल के रूप में कार से शव बरामद किया गया था। शव पर हड्डियां, जांघ के थोड़ा मांस और दांत नजर आ रहे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। लेकिन अब तक डिटेल पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को नहीं मिल पाई है। जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार में जलने से पहले सीमा की मौत हो चुकी थी या फिर आग में जलने से उसकी मौत हुई है।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सिंहा ने बताया कि कार में आग लगने से हुई महिला की मौत के मामले में साक्ष्यों के आधार पर मृतका के डॉक्टर पति और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पति ने ही पेट्रोल डालकर आग में पत्नी को जलाया था। पति के अवैध संबंधों को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। वारदात की रात भी विवाद हुआ था। विवाद में आरोपी ने पत्नी सीमा का गला दबाया था। जिससे वह अचेत हो गई थी। अचेत अवस्था में कार में लेकर आया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मामले में अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आना शेष है। आरोपियों से अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button