मध्य प्रदेश

तीन दिन बाद फिर गूंजेगी शहनाइयां, तीन माह में 38 मुहूर्त नया सहालगी सीजन 15 अप्रेल से होगा शुरू,

तीन मई को अक्षय तृतीया का अबूझ मुहूर्त
सिलवानी। नया सहालगी सीजन तीन दिन बाद शुरू हो जाएगा और आगामी 15 अप्रैल ऽके दिन चैत्र शुक्ल चतुर्दशी से शादियां शुरू हो जाएंगी। इसके बाद देवशयनी एकादशी (9जुलाई) तक विवाह समारोह चलेंगे। 15 अप्रैल से 9 जुलाई तक होने वाले विवाह के 38 शुभ मुहूर्त रहेंगे। ज्योतिषियों के अनुसार शादियों के लिए श्रेष्ठ मुहूर्त 3 मई अक्षय तृतीया का रहेगा। अच्छे मुहूर्त के दौरान गृह प्रवेश गृह निर्माण, उपनयन, मुंडन और देव प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा के शुभ कार्य हो सकेंगे। नए सहालगी सीजन में शादियों की तैयारियों को लेकर बाजारों में रौनक दिख रही है। लोग परिवार के साथ खरीदारी कर रहे हैं। तहसील में तीन माह में सैकड़ों विवाह होने का अनुमान है। दो साल तक बार-बार लगे कोरोना प्रतिबंधों और संक्रमण काल के बाद अब शादी-विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्य बिना पाबंदी के शुरू होने जा रहे हैं। सूर्य के मेष राशि में आते ही मेष संक्रांति के साथ ही शादी विवाह समारोह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी। मेष, वृषभ एवं मिथुन राशि में होने वाली संक्रांति वाले दिनों की अवधि में विवाह के कुल 38 शुभ मुहूर्त रहेंगे।
जुलाई तक ये रहेंगे विवाह मुहूर्त
इस सहालगी सीजन में अप्रेल के महीने में 15, 16, 17, 19, 20, 21, 22, 23, 27 अप्रेल को विवाह मुहूर्त होंगे। वहीं मई महीने में 2, 3, 4, 9, 10, 11, 12, 18, 20, 25, 26, 31, जून महीने में 1, 5, 6, 8, 10, 11, 13, 14, 15, 16, 20, 21, 22 और जुलाई माह में 3, 7, 8 और 9 जुलाई को विवाह मुहूर्त रहेंगे।
9 जुलाई को देवशयनी से थमेंगे मांगलिक कार्य
ज्योतिषियों के अनुसार 9 जुलाई के दिन देवशयनी एकादशी है। इसके बाद से मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा। दूसरी और साधु-संत चातुर्मास में साधना लीन हो जाएंगे। इसके बाद देवउठनी एकादशी के बाद आने वाली वृश्चिक संक्रांति में मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष द्वितीया 25 नवंबर से 14 दिसंबर तक शुभ विवाह के 11 मुहूर्त रहेंगे।

Related Articles

Back to top button