मध्य प्रदेश

महंगाई की मार से मकान बनाना भी हुआ महंगा: सरिया, सीमेंट, ईंट और रेत के दाम बढ़ने से निर्माण काम अटके

आम आदमी का मकान बनाना हुआ सपने जैसा
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन।
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से भवन निर्माण भी महंगा हुआ। लगातार महंगाई बढ़ने से दिन प्रतिदिन लोगों के सपनों का आशियाना घर बनाना बहुत महंगा होता जा रहा है। सीमेंट, सरिया, ईट व रेत सहित अन्य निर्माण सामग्री के रेट बढ़ने से निर्माण की लागत 35 फीसदी तक बढ़ गई है। यह हालात 6 महीने में ही बने हैं।
सरकारी, प्रायवेट निर्माण कार्य ठप्प…..
कीमतों में उछाल के कारण शासकीय के साथ प्राइवेट निर्माण कार्य बंद हाे गए हैं। इसकी वजह है ठेकेदार को पुराने रेट में निर्माण करना संभव नहीं हो रहा। इधर निर्माण करवाने वाला बजट बढ़ाने व बढ़े हुए दाम अदा करने की स्थिति में नहीं है।सरिया सीमेंट व्यापारी सतीश गुप्ता,आमिर खान, रूपेंद्र ठाकुर, अर्जुन सिंह के अनुसार 6 महीने पहले जो सरिया 5200 से 5600 रुपए प्रति क्विंटल में बिक रहा था, अब उसकी कीमत बढ़कर 7600 से 8 हजार रुपए तक हो गई है। यानी प्रति क्विंटल 2200 से 2500 रुपए तक बढ़ गए हैं। सीमेंट प्रति बोरी 40 से 60 रुपए तक और प्रति ईट पर एक रुपये से एक रुपए तीस पैसे तक बढ़े हैं। इनके अलावा मोटी रेत और गिट्टी के दाम भी बढ़े हैं।
बिल्डर समाजसेवी मुल्ला लियाकत अली, रवींद्र जैन, धर्मेंद्र कुशवाह, असद खान इंजीनियर ,बताते हैं कि 6 महीने पहले तक एक हजार स्क्वेयर फीट का मकान 10 से 11 लाख रुपए तक में बनकर तैयार हो रहा था, अब उसकी लागत बढ़कर 14 से 15 लाख रुपए तक या इससे भी अधिक हो गई है। निर्माण मटेरियल की कीमत में उछाल आने से निर्माण करवाने वालों के साथ ही निर्माण करने वाले के समीकरण बिगड़ गए हैं।
व्यापारियों ने बताए कीमतें बढ़ने के मुख्य कारण….
जिले में रेत ठेका अटकने से कच्चे माल में कमी आई।
पेट्रोल-डीजल के भाव बढ़ने से भाड़ा बढ़ गया।
कोरोना काल के बाद से उत्पादक इकाइयों में कमी आई।
शहर के व्यापारिक प्रतिस्पर्धा होने से बढ़ी कीमतें।
कटाई का सीजन चलने से ईट भट्‌टा लगाना बंद हुए।
पीवीसी, कॉपर और स्टील के दाम में आई तेजी।
सरिया, सीमेंट व रेत के साथ ही स्टील, पीवीसी -पॉली विनाइल क्लोराइड- व काॅपर के भाव भी बढ़ गए हैं। व्यापारी अबुल हसन फखरी मुस्तफा फखरी दीपू अग्रवाल मुकेश सेन बताते हैं कि 50 से 52 रुपए किलो बिकने वाला स्टील अब 80 से 85 रुपए में बिक रहा है।
कॉपर के दाम ने भी छुए आसमान….
पीवीसी मटेरियल में 40 फीसदी की बढ़ोतरी 400 से बढ़कर 700 हो गए हैं। वहीं कॉपर के दाम 600 से बढ़कर 920 रुपए हो गए हैं। भवन निर्माण में उपयोग होने वाली यह ऐसी वस्तुएं हैं, जिसके लिए बजट बढ़ाना संबंधित के लिए मुश्किल होता जा रहा है।

Related Articles

Back to top button