मध्य प्रदेश

बिजली बिल जमा नहीं करने पर गांवों के ट्रांसफॉर्मर बंद, कई मोहल्लों में छाया अंधेरा

मुख्य अभियंता के निर्देश के बाद विद्युत विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई बकायादार उपभोक्ताओं से वसूली पर जोर
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान।  विद्युत बिलों की बकाया राशि की वसूली को लेकर विद्युत विभाग ने स्लीमनाबाद तहसील क्षेत्र में सख्ती शुरू कर दी है ।  हाल ही में मुख्य अभियंता द्वारा विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे ।  इसके बाद सहायक अभियंता दिलदार डाबर ने टीम गठित कर क्षेत्र में कार्रवाई शुरू कर दी है ।
*लाखों की बकाया राशि पर तीन ट्रांसफॉर्मर बंद*
विद्युत विभाग की टीम ने स्लीमनाबाद क्षेत्र के शांतिनगर मोहल्ला, तिहारी आनंदपुर और भूला में बकाया राशि के चलते संबंधित 25 केवी ट्रांसफॉर्मरों की विद्युत सप्लाई बंद कर दी। विभाग के अनुसार शांतिनगर मोहल्ले के ट्रांसफॉर्मर पर करीब 5 लाख 48 हजार रुपये, तिहारी आनंदपुर में 5 लाख 77 हजार रुपये तथा भूला में करीब 1 लाख 50 हजार रुपये की राशि बकाया थी ।
ट्रांसफॉर्मर बंद होने के कारण संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई और लोगों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी।
सहायक अभियंता दिलदार डाबर ने बताया कि जब संबंधित ट्रांसफॉर्मर से जुड़े 50 प्रतिशत उपभोक्ताओं द्वारा बकाया राशि जमा कर दी जाएगी, तब विद्युत सप्लाई पुनः चालू की जाएगी।
*मटवारा में घरों की छत पर चढ़कर पकड़ी बिजली चोरी*
वहीं विद्युत विभाग की टीम ने ग्राम मटवारा में भी बिजली चोरी के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया ।  टीम ने घरों की जांच के दौरान बिजली चोरी के मामले पकड़े और मौके पर कार्रवाई की। विभाग की कार्रवाई के दौरान टीम घरों की छतों तक पहुंची और अवैध रूप से बिजली का उपयोग किए जाने के मामले सामने आए ।
बिजली चोरी के मामले में ब्रजमोहन विश्वकर्मा, सूरज हल्दकार, शकुन बाई हल्दकार, संतकुमार पटेल, लल्लू यादव, रामाधार हल्दकार, राममिलन विश्वकर्मा और इंद्रासन हल्दकार के खिलाफ कार्रवाई की गई।
*समय पर बिल जमा करने की अपील*
सहायक अभियंता दिलदार डाबर ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बिजली बिलों का समय पर भुगतान करें, ताकि विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति निर्मित न हो। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बिजली से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर विभाग को जानकारी देनी चाहिए, ताकि उसका नियमानुसार समाधान किया जा सके ।
विद्युत विभाग की इस कार्रवाई के बाद बकायादार उपभोक्ताओं में हड़कंप की स्थिति है, वहीं विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया वसूली और बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button