कृषि

गेंहू, चना की बोवनी की तैयारी में जुटे किसान

सिलवानी । दीपावली पर्व समाप्त होते ही क्षेत्र के किसान अब रबी सीजन की फसलों — गेहूं और चना — की बोवनी की तैयारियों में पूरी तरह जुट गए हैं। खेतों में ट्रैक्टरों की आवाज़ गूंज रही है और किसान दिनभर खेतों की जुताई व हकाई में व्यस्त हैं। कई किसानों ने गेहूं की बोवनी के लिए बीज तैयार करना शुरू कर दिया है, जबकि कुछ स्थानों पर चने की बोवनी भी प्रारंभ हो चुकी है।
इस वर्ष क्षेत्र में अच्छी वर्षा होने के कारण किसानों को रबी फसलों से बेहतर पैदावार की उम्मीद है। पर्याप्त नमी और जल उपलब्धता के चलते फसलों के विकास के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
खाद-बीज की दुकानों पर बढ़ी भीड़
त्योहारों के बाद अब कृषि गतिविधियां तेज हो गई हैं। खाद-बीज की दुकानों पर किसानों की भीड़ देखी जा रही है। साथ ही कृषि यंत्रों, विद्युत पंप, डीजल इंजन और सिंचाई से संबंधित उपकरणों की बिक्री में भी तेजी आई है।
बारिश अच्छी होने से कुओं और ट्यूबवेलों में पर्याप्त जलस्तर बना हुआ है, जिससे रबी फसलों की सिंचाई सुचारू रूप से हो सकेगी। किसान अब घर के सामान की तुलना में खेती से जुड़ी सामग्री की खरीदी पर अधिक ध्यान दे रहे हैं, ताकि समय पर बोवनी और सिंचाई की पूरी तैयारी की जा सके।

Related Articles

Back to top button