सरपंच 5 हजार रूपये की रिश्वत लेते लोकायुक्त की गिरफ्त में

प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम मांगी थी राशि
ग्राम बनखेड़ी तहसील मझौली का मामला
ब्यूरो चीफ : मनीष श्रीवास
जबलपुर। जबलपुर जिले की पाटन विधानसभा क्षेत्र की मझौली अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बनखेड़ी के सरपंच द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना लाभ दिलाने हेतु रिश्वत मांगना सरपंच को भारी पड़ गया। जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने मझौली तहसील के ग्राम बनखेड़ी में सरपंच कमल पटेल को ₹5,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त टीम ने जानकारी के देते हुए बताया कि ग्राम बनखेड़ी के नागराज राजपूत ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास के लिए सरपंच कमल पटेल ने रिश्वत मांगी थी। जिससे नाराज होकर नागराज राजपूत ने लोकायुक्त जबलपुर में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई और बुधवार को सरपंच को 5 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त टीम ने सरपंच के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुये कार्रवाई शुरू कर दी है। लोकायुक्त की कार्रवाई से जहां मझौली क्षेत्र में हड़कंप मच गया है वहीं ग्रामीण अंचलों में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सकारात्मक संदेश देखने को मिला है। लोकयुक्त पुलिस के द्वारा लगातार रिश्वत मांगने वालों पर कार्यवाही जारी हैं।



