धार्मिकमध्य प्रदेश

चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन बड़ी माई मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। आदिशक्ति की उपासना का पावन पर्व चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन उमरियापान सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। चैत्र नवरात्र के प्रथम दिवस प्राचीन बड़ी माई मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा।
सुबह होते ही मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगाएं महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और युवा सभी जल, नारियल और चुनरी लेकर माता रानी के दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालु नौ दिनों तक व्रत रखकर मां भगवती की आराधना करेंगे।
प्राचीन बड़ी माई मंदिर न केवल उमरियापान, बल्कि आसपास के कई गांवों के लिए गहरी आस्था का केंद्र है। दूर-दराज से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं । मंदिर की प्राचीनता और इससे जुड़ी मान्यताएं इसे विशेष बनाती हैं।
स्थानीय जनश्रुतियों के अनुसार, इस मंदिर का निर्माण एक ही रात में हुआ था, जो आज भी लोगों के लिए आस्था और आश्चर्य का विषय बना हुआ है । बताया जाता है कि इस भव्य मंदिर का निर्माण कल्चुरी राजाओं द्वारा एक रात में कराया गया था ।
करीब 150 फुट ऊंचा यह मंदिर अपनी आकर्षक स्थापत्य कला के लिए भी प्रसिद्ध है । नक्काशीदार पत्थरों से निर्मित यह मंदिर सैकड़ों वर्षों बाद भी अपनी भव्यता और मजबूती के साथ खड़ा है।
श्रद्धालुओं का विश्वास है कि बड़ी माई के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मन्नत पूरी होती है। नवरात्रि के दौरान यहां विशेष पूजा-अर्चना और भंडारों का आयोजन भी किया जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में किसी भी शुभ कार्य से पहले माता रानी को निमंत्रण देने की परंपरा आज भी कायम है। विवाह जैसे मांगलिक अवसरों पर नवविवाहित जोड़े सबसे पहले बड़ी माई मंदिर पहुंचकर आशीर्वाद लेते है।

Related Articles

Back to top button