धार्मिकमध्य प्रदेश

श्री सीताराम संकीर्तन सेवा समिति के तत्वावधान में निकली भव्य कांवड़ पदयात्रा

सिलवानी। श्रावण मास के अंतिम सोमवार के अवसर पर श्री सीताराम संकीर्तन सेवा समिति, सिलवानी के तत्वावधान में विशाल एवं भव्य कांवड़ पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कांवड़ यात्रा का शुभारंभ रविवार प्रातः 4 बजे मां नर्मदा के पावन तट से हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने अपनी-अपनी कांवड़ में मां नर्मदा का पवित्र जल भरकर भगवान भोलेनाथ के जयघोष के साथ यात्रा प्रारंभ की। देर शाम यात्रा के सिलवानी नगर में प्रवेश करने पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा बजरंग चौराहे पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया।
रात्रि विश्राम सागर रोड स्थित विश्वकर्मा मैरिज गार्डन में किया गया। सोमवार प्रातः सभी कांवड़ियों ने पुनः अपनी-अपनी कांवड़ उठाकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ग्राम गेलपुर स्थित प्रसिद्ध मिर्गीनाथ धाम के लिए प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा कांवड़ियों का स्वागत किया गया।
मिर्गीनाथ धाम पहुंचने पर देवों के देव भगवान महादेव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा का पावन जल भगवान शिव को अर्पित कर पूजा-अर्चना की। धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत कांवड़ पदयात्रा का श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button