नवरात्रि पर्व पर विशाल चल समारोह व देवी जागरण 2 अक्टूबर को

हिंदू उत्सव समिति की बैठक संपन्न, तैयारियों पर हुई चर्चा
सिलवानी। नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के शुभ अवसर पर नगर में भव्य देवी जागरण एवं मां भगवती की प्रतिमाओं के चल समारोह के आयोजन को लेकर श्री हिंदू उत्सव समिति की एक विशेष बैठक का आयोजन रविवार को श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर, बजरंग चौराहा पर किया गया।
बैठक में समिति के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। इस दौरान समिति अध्यक्ष राजीव सोनी ‘रानू’ ने आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि दशहरे के दिन नगर में विशाल चल समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न झांकियों का एकत्रीकरण दोपहर 3 बजे बजरंग चौराहा पर किया जाएगा।
इसके उपरांत चल समारोह बजरंग चौराहा से प्रारंभ होकर गांधी चौक, पुराना बस स्टैंड, पुलिया सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कृषि उपज मंडी स्थित जागरण स्थल पहुंचेगा।
चल समारोह के समापन पर समिति द्वारा सभी झांकियों की विधिवत आरती की जाएगी, तत्पश्चात विशाल देवी जागरण का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुति संभावित है।
समिति अध्यक्ष राजीव सोनी ने समस्त क्षेत्रवासियों से अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि मां भगवती की कृपा से यह आयोजन नगर में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बनेगा। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी महेश नामदेव, पूर्व हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष नारायण यादव, हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष राजीव सोनी रानू, दिनेश चौरसिया, सुनील सोनी, राहुल नामदेव, शरदं मातबर, महेंद्र यादव, बबलू साहू, रवीन्द्र कुशवाहा, मन्नू राजपूत, प्रियांशु राजपूत, सहित समस्त झांकी समिति सदस्य उपस्थित रहे।



