पति ने पत्नी को मारी गोली, पत्नी रैफर, पति पुलिस अभिरक्षा में
सिलवानी । बुधवार की देर रात्रि नगर के वार्ड 2 में पुलिस थाने के पीछे पति पत्नी के आपसी विवाद में पति इतना उग्र हो गया कि उसने पत्नी को देशी कट्टे से गोली मार दी। जिसे गंभीर अवस्था में भोपाल एम्स हॉस्पिटल रैफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी अनुसार वार्ड 2 निवासी राजेश राजपूत उम्र 40 वर्ष ने पत्नी सुमन राजपूत उम्र 38 वर्ष को आपसी विवाद में रात्रि 1 बजे के लगभग देशी कट्टे से गोली मार दी। जो सुमन के बाएं हाथ में लगी। गोली की आवाज सुनकर किरायेदार जितेन्द्र मेहरा ने सुमन को सिविल हॉस्पिटल सिलवानी लेकर आया। जहां गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद रैफर कर दिया गया। राजेश राजपूत के दो पुत्र है।
एसडीओपी अनिल मौर्य से मिली जानकारी अनुसार सिविल अस्पताल सिलवानी से पेशेंट सुमन राजपूत पत्नि राजेश राजपूत उम्र 38 साल निवासी वार्ड 2 सिलवानी की प्रीएमएलसी प्राप्त हुई, प्रीएमएलसी में पेशेंट को गन शाट लेख होने से सूचना पर तत्काल रवाना होकर सिविल हॉस्पिटल सिलवानी पहुंची डाक्टर से सम्पर्क कर पेशेंट के बारे में पूछताछ किया जिन्होंने बताया कि पेशेंट सुमन राजपूत को उसके किराएदार जितेन्द्र मेहरा निवासी सिमरिया कला इलाज के लिए अस्पताल लेकर आए थे। पेशेंट को बाएं हाथ में गोली लगी है पेशेंट बोलने की स्थिति में नहीं है जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रैफर कर दिया गया है। किराएदार जितेन्द्र मेहरा का कहना था कि पेशेंट को उसके पति राजेश राजपूत ने गोली मारी है तत्काल घटना स्थल पर जाकर पीडिता के पति एवं घटना मे प्रयुक्त हथियार को ले आए हैं। पेशेंट को किराएदार एवं उसके परिवारजन इलाज हेतु भोपाल लेकर गए हैं। एफआईआर हेतु तत्काल टीम को भोपाल रवाना किया गया था। फरियादिया सुमन राजपूत पत्नि राजेश राजपूत उम्र 38 साल निवासी वार्ड क्र.2 सिलवानी की रिपोर्ट पर देहाती नालसी अपराध शून्य पर धारा 109(1) बीएनएस का पंजीबद्ध कर आरोपी राजेश राजपूत को अभिरक्षा में लिया गया है। घटना में प्रयुक्त आलाजर्रर भी बरामद कर लिया गया है।



