मध्य प्रदेश

नोहटा में पुलिस अधीक्षक का जनसंवाद, नशा मुक्ति अभियान 2.0 की दिलाई शपथ

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह जिले के नोहटा थाना परिसर में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, ज्येष्ठ एवं श्रेष्ठ नागरिकों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और कानून-व्यवस्था, यातायात तथा स्थानीय समस्याओं से जुड़े सुझाव एवं शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनसंवाद के दौरान नशा मुक्ति अभियान 2.0 के तहत उपस्थित लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई और सभी को नशामुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी और कानून के अनुसार कठोर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए थाना परिसर में आम का पौधा रोपा गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में एसडीओपी तेंदूखेड़ा अर्चना अहीर, थाना प्रभारी नोहटा उपनिरीक्षक अभिषेक पटैल, थाना स्टाफ, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। जनसंवाद में शामिल लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।

Related Articles

Back to top button