दो सगी बहनों की डूबने से मौत, गांव में मातम

रिपोर्टर : बलवीर सिंह रघुवंशी
विदिशा । विदिशा जिले के अटारीखेजड़ा के पास रविवार की दोपहर करीब एक बजे डबरी (पोखर) के पास गई दो सगी बहनों की में डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने दोनों बहनों के शव निकाले और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर दोनों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
ग्राम पंचायत मढ़ीपुर सरपंच मंगलसिंह विश्वकर्मा ने बताया कि मढ़ीपुर निवासी रेवाराम किसान की 19 वर्षीय बेटी नेहा और 17 वर्षीय रौनक मालवीय दोपहर करीब 12 बजे घर से अपने खेत के पास गईं थीं। जब वे करीब एक घंटे तक नहीं लौटीं तो मां को चिंता हुई और वे अपनी बेटियों को तलाशते हुए खेत पर पहुंची। बेटियां तो नहीं मिलीं, लेकिन उनकी नजर खेत के पास ही बनी पानी की डबरी के पास पड़ी चप्पलों पर गई तो वे आशंका से चिल्लाने लगी। उनकी चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डबरी में कूदकर दोनों के शव निकाले। सूचना मिलते ही ग्यारसपुर टीआई मांगीलाल भाटी और अटारीखेजड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए ग्यारसपुर भिजवाया। टीआई मांगीलाल भाटी ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार डबरी में कीचड़ बहुत है और उसमें पैर फंसते हैं, शायद एक बच्ची के पैर फंसे होंगे तो उसे बचाने में दूसरी भी फंसकर गिर गई होगी।



