पति समेत चार लोगों पर FIR, मारपीट सहित SC-ST एक्ट के तहत केस दर्ज

न्यायालय परिसर में महिला से मारपीट का मामला
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । जिला न्यायालय परिसर में एक महिला और उसके परिजनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर देहात थाना पुलिस ने शनिवार को चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जिसमें महिला का पति सहित तीन वकील शामिल हैं। पीड़ित महिला छतरपुर जिले के घुवारा की निवासी बताई गई है।
देहात थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छतरपुर जिले के घुवारा की रहने वाली माया अहिरवार की शादी 2 साल पहले टीकमगढ़ के रहने वाले आशीष अहिरवार के साथ हुई थी। कुछ महीनों बाद आशीष ने अपनी पत्नी को मायके भेज दिया। उसने पत्नी से कहा कि एक महीने बाद लेने आ जाऊंगा। माया ने बताया कि पति एक महीने की कहकर करीब 3 महीने तक लेने नहीं पहुंचा। इसके बाद वकील के माध्यम से न्यायालय का उसे तलाक का नोटिस मिला। शुक्रवार को माया अपने बच्चे और मां-बाप के साथ टीकमगढ़ जिला न्यायालय परिसर पहुंची। जहां भगत नगर कॉलोनी निवासी उसका पति आशीष मिला। उसने पत्नी से कहा कि मुझे तुमसे तलाक लेना है।
महिला ने बताया कि जब उसने तलाक नहीं लेने की बात कही तो पति ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद कुछ वकीलों ने भी पति के साथ मिलकर मेरे और मेरे माता-पिता के साथ सरेआम मारपीट की। शनिवार को पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है।
चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
देहात थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर आशीष अहिरवार सहित चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। देहात थाना प्रभारी रवि गुप्ता ने बताया कि आशीष अहिरवार, भूपेंद्र बिरथरे, विक्रांत तिवारी और सोन सिंह यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों पर धारा 296, 115, 351 बीएनएस सहित एससी एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।



