न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत विधिक साक्षरता शिविर संपन्न

सिलवानी। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायसेन अनिल कुमार सुहाने के मार्गदर्शन एवं तहसील विधिक सेवा समिति सिलवानी के तत्वावधान में ग्राम पंचायत बेगवा कला में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह (09 नवम्बर से 14 नवम्बर 2025) के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य आमजन तक न्याय की पहुँच सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसील विधिक सेवा समिति सिलवानी की अध्यक्ष सुनीता पचौरिया ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सेवा उत्पादन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी श्रमिक है, जिसे हर स्तर पर उचित सम्मान मिलना आवश्यक है। सम्मान मिलने से श्रमिकों की कार्यक्षमता में वृद्धि होती है, जिससे नियोजक को भी लाभ होता है।
सुनीता पचौरिया ने उपस्थित ग्रामवासियों को नालसा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विधिक सेवा योजना 2015 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना तथा नि:शुल्क कानूनी सहायता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक श्रमिक को श्रम विभाग में पंजीकरण कराना आवश्यक है ताकि वह विधिक रूप से सशक्त बन सके और किसी भी स्तर पर शोषण का शिकार न हो।
शिविर में अधिवक्ता संघ अध्यक्ष जी. एस. रघुवंशी ने पुरुष एवं महिला श्रमिकों के लिए समान कार्य पर समान पारिश्रमिक के अधिकार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अधिकार लिंग आधारित भेदभाव को रोकने में सहायक है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को यह भी बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर महिलाएं यदि किसी मुकदमे की पैरवी नहीं कर पा रही हैं, तो तहसील विधिक सेवा समिति द्वारा उन्हें नि:शुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाता है।
वहीं अधिवक्ता संघ सह-सचिव आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि प्रत्येक श्रमिक को अपना आधार कार्ड, वोटर आईडी, जॉब कार्ड, पेंशन कार्ड एवं श्रमिक कार्ड अवश्य बनवाना चाहिए, ताकि शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उन्हें समय पर मिल सके।
शिविर में ग्राम सरपंच कांता यादव, सचिव मुरारी रघुवंशी सहित ग्राम के अनेक नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए विधिक जागरूकता के प्रति अपने सहयोग का आश्वासन दिया।



