नगर के कलाकारों द्वारा निर्मित शॉर्ट फिल्म माया की मेगा स्क्रीनिंग भोपाल में संपन्न

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । शहर के युवा कलाकारों द्वारा निर्मित शॉर्ट फिल्म माया की मेगा स्क्रीनिंग पिछले दिनों भोपाल के राज्यीय जनजातीय संग्रहालय ऑडिटोरियम भवन में आयोजित बुंदेली फिल्म समारोह में संपन्न हुई। साथ ही मध्यप्रदेश के संस्कृति मंत्री धर्मेंद्रसिंह लोधी सहित लोकसभा क्षेत्र दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी ने फिल्म का पोस्टर लांच किया। कार्यक्रम में बुंदेली गौरव सिने स्टार आशुतोष राणा की उपस्थिति ने समस्त बुंदेली कलाकारों को नव ऊर्जा से भर दिया। इस अवसर पर फिल्म निर्माता निर्देशक आशीष तंतुवाय “कबीर” सहित टीम के प्रतिनिधि मंडल बनारस घराने के युवा संगीतज्ञ कृष्णकांत लकी पटेरिया, शशिकांत शशि, राहुल तिवारी सहित युवा समाजसेवी उमर खैयाम की उपस्थिति रही।
शहर के स्थानीय कलाकारों द्वारा बुंदेली भाषा में अभिनीत इस शॉर्ट फिल्म में ग्रामीण जनजीवन की समस्याओं, सामंतवादी परंपराओं, षड्यंत्रों सहित अंधविश्वास के परिणामस्वरूप कुत्सित नरबलि की कहानियों को दर्शाया गया है। राज्यीय जनजातीय संग्रहालय भोपाल में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय बुंदेली समागम में देश विदेश से पधारे हजारों बुंदेलियों ने इस फिल्म की सराहना की है। फिल्म निर्माता और निर्देशक आशीष तंतुवाय “कबीर” ने बताया है कि फिल्म की कहानी आसपास के ग्रामीण परिवेश को उकेरती है, साथ ही आजकल के बुंदेली परिदृश्य पर आधारित शॉर्ट फिल्मों को समृद्ध रूप से निर्मित करने का प्रयास किया है, जिसमें काफी हद तक सफलता भी प्राप्त हुई है। शीघ्र ही यह फिल्म अनेकों नेशनल/इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म्स फेस्टिवल्स में भी दमोह का नेतृत्व करेगी। खास बात यह है कि शॉर्ट फिल्म माया में जितने भी कलाकारों ने अभिनय प्रस्तुत किया है वे सब अप्रशिक्षित कलाकार हैं, जिन्हें एके फिल्म्स प्रोडक्शन हाउस दमोह ने प्लेटफार्म उपलब्ध कराया है। आशीष ने बताया है कि क्षेत्र में अभिनय के प्रति रुचि रखने वाली युवा प्रतिभाओं को सम्मानित मंच प्राप्त होते रहें हेतु उनके प्रयास निरंतर जारी हैं। इस फिल्म के निर्माण में युवा सिनेमेटोग्राफर/ एडिटर राहुल तिवारी आरडीएक्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। साथ ही दर्शकों को उनका दमदार अभिनय भी इस शॉर्ट फिल्म में देखने मिलेगा। सहयोगी सिनेमेटोग्राफर सनी परोचे ने बहुत ही शानदार तरीके से प्रत्येक दृश्य को उकेरा है। सीमित संसाधनों में कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया है वह काबिले तारीफ़ है। शॉर्ट फिल्म के निर्माण संबंधी दिशा निर्देश और मार्गदर्शन में समाजसेवी पंडित दिनेश प्यासी, मुंबई सिने सिटी से फिल्म अभिनेता कमलेश खरे एवं अभितेंद्र रामसहाय अमित राय का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। एके फिल्म्स प्रोडक्शन हाउस के मैनेजिंग डायरेक्टर शशिकांत शशि ने बताया है कि इस फिल्म की शूटिंग दमोह, बांदकपुर, समन्ना और मारूताल के आसपास के क्षेत्रों में की गई है जिसमें विभिन्न कलाकारों के रूप में प्रताप सिंह चौहान, रितिका खरे, प्रिंस चौहान, अनिल उमरे, राजा प्रजापति, शुभम श्रीवास्तव, राज सेन, महेंद्र सेन, शशिकांत अहिरवार, उमर खैयाम, गजेंद्र वर्मन, गौरी चौहान, अनन्न्या, लक्ष्मी विश्वकर्मा, प्रियंका चौहान, जोसेफ मलिक, तरुण राज, जाफिर खान, राहुल तिवारी, शैलेंद्र अहिरवार, राजदीप सिंह लोधी, रजत ठाकुर, शिवकांत प्यासी, प्रदीप अहिरवार का दमदार अभिनय इस शॉर्टफिल्म में देखने मिलेगा। दर्शकों के हेतु शॉर्ट फिल्म का सम्पूर्ण प्रसारण ए.के. फिल्म्स प्रोडक्शन हाउस दमोह के यूट्यूब चैनल पर रिलीज़ किया गया है। निर्माता निर्देशक आशीष तंतुवाय कबीर ने अपील की है कि दर्शक अधिक से अधिक संख्या में अपने क्षेत्र के नवयुवा कलाकारों के अभिनय को जरूर देखें ।



