मध्य प्रदेश

बहोरीबंद के तीन शासकीय स्कूलों में कॉमर्स संकाय शुरू करने विधायक ने कलेक्टर को लिखा पत्र

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान ।  बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों को कक्षा 10वीं के बाद वाणिज्य (कॉमर्स) संकाय की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े, इसके लिए क्षेत्रीय विधायक प्रणय प्रभात पांडे ने पहल की है।  विधायक ने 31 जुलाई 2026 को कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी, कटनी को पत्र भेजकर क्षेत्र के तीन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में सत्र 2026-27 से वाणिज्य संकाय प्रारंभ करने की मांग की है।  साथ ही संकाय संचालन के लिए आवश्यक शिक्षकीय पदों की स्वीकृति प्रदान करने का भी आग्रह किया गया है।
विधायक द्वारा भेजे गए पत्र में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धूरी, विकासखंड बहोरीबंद, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तेवरी, विकासखंड बहोरीबंद तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परोहा पिपरिया, विकासखंड रीठी को शामिल किया गया है ।  इन विद्यालयों में वर्तमान में विज्ञान एवं कला संकाय संचालित हो रहे हैं, लेकिन वाणिज्य संकाय की सुविधा उपलब्ध नहीं है ।  ऐसे में क्षेत्र के विद्यार्थियों को कॉमर्स विषय से आगे की पढ़ाई करने के लिए अन्य स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है।
*दूसरे शहर जाने से बढ़ता है आर्थिक बोझ*
क्षेत्र में कॉमर्स संकाय की सुविधा नहीं होने का सबसे अधिक असर उन विद्यार्थियों पर पड़ता है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। कक्षा 10वीं उत्तीर्ण करने के बाद यदि विद्यार्थी वाणिज्य विषय से 11वीं और 12वीं की पढ़ाई करना चाहता है तो उसे कटनी अथवा अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है । रोजाना आवागमन के कारण विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है ।  कई परिवारों के लिए यह खर्च वहन करना कठिन होता है, जिसके कारण विद्यार्थियों को अपनी पसंद का विषय छोड़कर अन्य संकाय में प्रवेश लेना पड़ सकता है।
ग्रामीण क्षेत्रों से विद्यार्थियों को प्रतिदिन लंबी दूरी तय करने में समय भी अधिक लगता है ।  इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ परिवारों को परिवहन व्यवस्था और अन्य खर्चों की चिंता भी रहती है। स्थानीय स्तर पर ही कॉमर्स संकाय उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को इन परेशानियों से काफी हद तक राहत मिल सकती है ।
स्थानीय स्तर पर बढ़ेंगे शिक्षा के अवसर
विधायक प्रणय प्रभात पांडे ने अपने पत्र में छात्रहित और क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को प्राथमिकता देते हुए तीनों विद्यालयों में वाणिज्य संकाय प्रारंभ करने की आवश्यकता बताई है ।  उनका आग्रह है कि विद्यार्थियों को उनकी रुचि और भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप विषय चुनने का अवसर उनके नजदीकी विद्यालय में ही उपलब्ध कराया जाए ।
कॉमर्स संकाय शुरू होने से विद्यार्थियों को लेखांकन, व्यवसाय अध्ययन, अर्थशास्त्र सहित वाणिज्य से जुड़े विषयों की व्यवस्थित शिक्षा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी ।  इसके साथ ही बैंकिंग, वित्त, लेखा, व्यवसाय और अन्य प्रतियोगी क्षेत्रों में आगे की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को बेहतर आधार तैयार करने का अवसर मिलेगा ।
*शिक्षकीय पदों की स्वीकृति पर भी जोर*
विधायक ने केवल संकाय प्रारंभ करने की मांग तक सीमित न रहते हुए उसके सुचारु संचालन के लिए आवश्यक शिक्षकीय पदों की स्वीकृति प्रदान करने का भी आग्रह किया है। पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी और नए संकाय का संचालन प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
विधायक ने प्रशासन से अपेक्षा की है कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित विद्यालयों में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सत्र 2026-27 से ही वाणिज्य संकाय की कक्षाएं प्रारंभ करने की दिशा में कार्रवाई की जाए। यदि तीनों विद्यालयों में कॉमर्स संकाय शुरू होता है तो बहोरीबंद एवं रीठी विकासखंड के ग्रामीण विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही शिक्षा का एक और महत्वपूर्ण विकल्प उपलब्ध हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button