सांसद खेल महोत्सव का समापन : जिंदगी भी एक खेल की तरह है : शिवराज सिंह चौहान

सिलवानी। नगर में सिलवानी विधानसभा स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का भव्य समापन समारोह रविवार को शासकीय कॉलेज मैदान में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा क्षेत्रीय सांसद शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान स्वयं मैदान में उतरे और क्रिकेट खेलते हुए बल्ला थामकर एक आकर्षक शॉट लगाया। उनके इस अंदाज से खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच
सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत क्रिकेट, कबड्डी, फुटबॉल, रस्साकशी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के लगभग 14,500 खिलाड़ियों ने भाग लिया। बेटों के साथ-साथ बेटियों एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और भी खास बना दिया।
रोमांचक मुकाबले रहे आकर्षण का केंद्र
समापन दिवस पर तीसरे स्थान के लिए बेगमगंज नगर एवं बेगमगंज ग्रामीण के बीच क्रिकेट मैच खेला गया, जिसमें बेगमगंज नगर की टीम विजेता रही।
फाइनल मुकाबला सिलवानी एवं प्रतापगढ़ के बीच खेला गया, जिसमें सिलवानी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की।
कबड्डी प्रतियोगिता में ग्राम प्रतापगढ़ एवं सिलवानी के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें सिलवानी की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
वहीं बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में बेगमगंज एवं सिलवानी की टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें बेगमगंज की बालिकाओं ने दर्शकों का मन मोहते हुए विजय प्राप्त की।
खेल जीवन के मूल्यों का प्रतीक
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जिंदगी भी एक खेल की तरह है, जिसमें अनुशासन, परिश्रम और टीम भावना से ही सफलता मिलती है।
उन्होंने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना भी विकसित करते हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि संसदीय क्षेत्र की सभी आठों विधानसभाओं में विधानसभा स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनका अंतिम समापन समारोह रायसेन में होगा। यह आयोजन अब हर वर्ष नियमित रूप से किया जाएगा।
आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को निम्नानुसार पुरस्कार दिए जाएंगे—
विधानसभा स्तर पर: प्रथम पुरस्कार : ₹150000, द्वितीय पुरस्कार : ₹100000, तृतीय पुरस्कार : ₹50,000 प्रदान किया जाएगा। वही लोकसभा स्तर पर प्रथम पुरस्कार : ₹2,50,000, द्वितीय पुरस्कार : ₹1,51,000, तृतीय पुरस्कार : ₹1,00,000 प्रदान किया जाएगा।
साधारण परिवारों से निकलते हैं महान खिलाड़ी
शिवराज सिंह चौहान ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद और महान धाविका पी. टी. उषा का उल्लेख करते हुए कहा कि साधारण परिवारों से निकलकर भी खिलाड़ी विश्व स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। जरूरत है तो केवल अवसर और उचित मार्गदर्शन की।
विकास के साथ खेलों को बढ़ावा
पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार विकास के हर क्षेत्र में कार्य कर रही है। सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजनों से गरीब, किसान और ग्रामीण अंचलों के वंचित खिलाड़ियों को भी अब राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक, पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय शुक्ला, वरिष्ठ भाजपा नेता रमाकांत शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष दीपक रघुवंशी, संदीप शर्मा, मंडल अध्यक्ष प्रतापगढ़ पप्पू ठाकुर, बम्होरी मंडल अध्यक्ष हरनाम सिंह लोधी, बेगमगंज मंडल अध्यक्ष अजय जाट, सुल्तानगंज मंडल अध्यक्ष हरिराम यादव, जिला पंचायत सदस्य राकेश उईके, मोनू मताम्बर, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश राय, पुनीत समैया, शत्रुघ्न राजपूत
सांसद खेल महोत्सव विधानसभा प्रभारी प्रदीप कुशवाहा, सत्यपाल धाकड़ सरपंच कीरतपुर, राजेश राय प्रतापगढ़, राजेश कुशवाहा, राकेश खरे, जीतू पाल, तुलसी यादव, लखन चंदेल, पुरुषोत्तम सोनी, पार्षद लखन मेहरा, गुड्डू भाई बाबू पटेल, जगदीश जाटव
सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समारोह का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। कार्यक्रम का आभार भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू द्वारा व्यक्त किया गया तथा कार्यक्रम का संचालन सांदीपनि विद्यालय के शिक्षक मयंक रघुवंशी ने किया।



