श्रीश्याम प्रतिष्ठान का केंद्रीय मंत्री ने फीता काट कर किया शुभारंभ

रिपोर्टर : विपिन शर्मा
बम्होरी । रविवार को कस्बा बम्होरी में एक नए प्रतिष्ठान “श्रीश्याम प्रतिष्ठान” का भव्य शुभारंभ भारत सरकार के केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फीता काट कर किया। केंद्रीय मंत्री ने अपने अत्यंत व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद अल्प समय निकालते हुए प्रतिष्ठान के मालिक एवं अपने भांजे राघवेंद्र पटेल के प्रतिष्ठान का रिबन काटकर विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। शुभारंभ के पश्चात राघवेंद्र पटेल ने केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा “मामाजी ने अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद मेरी बात सुनी और मेरे प्रतिष्ठान का शुभारंभ किया, इसके लिए मैं उनका हृदय से बहुत-बहुत आभार प्रकट करता हूँ।”
साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा का भी विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बम्होरी कस्बे में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा केंद्रीय मंत्री का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने हार-फूल मालाओं से स्वागत करते हुए जोरदार नारेबाजी की। पूरे कस्बे में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
कस्बावासियों ने बम्होरी को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की। नागरिकों ने कहा कि नगर पंचायत का दर्जा मिलने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
केंद्रीय मंत्री ने भी सभी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का आश्वासन दिया।
इस स्वागत अवसर पर मुख्य रूप से बम्होरी मंडल अध्यक्ष हरनाम सिंह पटेल, लक्ष्मण सिंह लोधी, शिवपाल सिंह राजपूत, संग्राम सिंह राजपूत, हरि सिंह लोधी, राजेश साहू, मैथिलीशरण आचार्य, हर्षित साहू, आशीष सोनी, राजेश बघेल, मिथुन लोधी,ललित लोधी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



