क्राइम

पटवारी को लोकायुक्त ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा

रिकॉर्ड अपडेट करने के लिए किसान से 25 हजार रूपए मांगे थे
सीहोर । एमपी के सीहोर जिले में बुधवार को लोकायुक्त पुलिस ने एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी पटवारी ने किसान से बटान, सीमांकन और खसरा अपडेट करने के नाम पर 25 हजार रूपए की मांग की थी। 15 हजार रूपए लेते समय लोकायुक्त ने उसे रंगे गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि बुधवार को लोकायुक्त पुलिस भोपाल ने सीहोर जिले की रेहटी तहसील में राजस्व विभाग के पटवारी सचिन यादव को 15 हजार रुपयों की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आवेदक अधिवक्ता एवं किसान ने लोकायुक्त भोपाल के एसपी मनु व्यास को शिकायत की थी कि उसकी खेती की एक एकड़ 20 डिसमिल जमीन ग्राम बोरदी तहसील रेहटी में है। जिसकी रजिस्ट्री तथा नामांतरण की कार्रवाई तहसीलदार रेहटी से वह करवा चुके हैं। इस जमीन के बटान, सीमांकन और खसरा अपडेट करवाने के लिए आवेदक से प्रभारी पटवारी सचिन यादव ने 25 हजार रुपयों की रिश्वत की मांग की है।
शिकायत पर एसपी लोकायुक्त ने दल गठित किया था। जिसने रिश्वत लेते हुए प्रभारी पटवारी सचिन यादव उम्र 40 वर्ष को पकड़ लिया। जैसे ही रिश्वत की यह राशि आरोपी ने तहसील कार्यालय रेहटी मे अपने कार्यालय के सामने परिसर में शिकायतकर्ता से ली तो शिकायतकर्ता का इशारा देखते ही लोकायुक्त टीम ने पटवारी को धर दबोचा और पटवारी के हाथ धुलवाए गए। लोक आयुक्त दल में डीएसपी अनिल बाजपेई, निरीक्षक रजनी तिवारी, प्रधान आरक्षक राजेंद्र पावन, प्रधान आरक्षक रामदास कुर्मी, आरक्षक मनमोहन साहू, हेमंत ठाकुर व हिम्मतसिंह शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button