नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों ने दिया प्रशिक्षण

सिलवानी | सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर उ.मा. विद्यालय सिलवानी जिला रायसेन में छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वीर शिवाजी शिक्षण समिति एवं विद्या भारती मध्यभारत प्रान्त के तत्वावधान में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को स्थानीय पुलिस के अधिकारियों ने छात्रों को प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम में सिलवानी थाने के पुलिस अधिकारी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही साइबर अपराध, यातायात नियमों और करियर के प्रति जागरूक रहने की सलाह भी दी।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि “आज का युवा ही देश का भविष्य है। नशे की लत से बचकर ही आप अपने और अपने परिवार के सपने पूरे कर सकते हैं। कोई भी समस्या हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।”
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य विपिन बिहारी राजपूत ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि “पुलिस द्वारा दिया गया यह प्रशिक्षण छात्रों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा। विद्यालय समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम कराता रहेगा।”
कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षक, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्रों को नशे से दूर रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया।



