स्वगणना में रायसेन जिला प्रदेश में पहले स्थान पर

जिले में 28 अप्रैल को शाम तक पोर्टल पर 82884 स्वगणना की गईं
रायसेन । जनगणना-2027 के तहत 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना हेतु पोर्टल पर विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिले में अधिक से अधिक नागरिक इस अवधि में स्व-गणना पूर्ण करें, इसके लिए कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में मिशन मोड में कार्य किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप रायसेन जिला स्वगणना में प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। रायसेन जिले में 28 अप्रैल तक 82884 स्वगणना की गई हैं, जो कि प्रदेश में सर्वाधिक है।कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि सभी एसडीएम, जनपद सीईओ, तहसीलदार, सीएमओ सहित अन्य विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा प्रगणकों के अथक परिश्रम और नागरिकों के सहयोग का परिणाम है। जिले में स्वगणना कार्य की प्रतिदिन की प्रगति की माॅनीटरिंग की जा रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वगणना करने की अपील करते हुए कहा कि स्वगणना की प्रक्रिया बेहद सरल है तथा नागरिक इसे मोबाईल द्वारा स्वयं पूर्ण कर सकते हैं।उल्लेखनीय है कि जिले में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा के निर्देशन में स्वगणना के प्रति नागरिकों में जागरूकता लाने के साथ ही इसकी प्रक्रिया भी बताई जा रही है। मैदानी अमले द्वारा पंचायतों और वार्डो में शिविर लगाकर स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण कराई जा रही है। इसके साथ ही कलेक्टर अरुण विश्ककर्मा सहित अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से भ्रमण कर नागरिकों से सीधा संवाद कर उन्हें स्वगणना हेतु प्रेरित करने के साथ ही मोबाईल से स्वगणना की प्रक्रिया भी पूर्ण कराई जा रही है।



