रैपिड एक्शन फोर्स ने मंडीदीप के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च

रिपोर्टर: प्रियंका गौर
रायसेन | जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से ए/107 द्रुत कार्य बल (RAF) द्वारा परिचय अभ्यास (फैमिलियराइजेशन एक्सरसाइज) प्रारंभ किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार कमांडेंट जगदीश प्रसाद बलई के आदेश पर 23 से 27 फरवरी 2026 तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में RAF की दो टीमें तैनात की गई हैं।
उप कमांडेंट एस. क्यू. अख्तर जमाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अभ्यास के दौरान RAF स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर रही है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना, क्षेत्र की भौगोलिक व सामाजिक परिस्थितियों का आकलन करना तथा संभावित असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखना है।
इसी क्रम में थाना मंडीदीप क्षेत्र में पुलिस एवं RAF के संयुक्त बल द्वारा संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान जवानों ने प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और घनी आबादी वाले इलाकों में गश्त कर सुरक्षा का संदेश दिया।
प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार के अभ्यास से आपात परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में बेहतर समन्वय स्थापित होगा।



