रिमझिम बारिश के बीच गूंजा ‘गणपति बप्पा मोरया’

उमरियापान क्षेत्र में धूमधाम से हुआ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में गणेशोत्सव पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया । दस दिवसीय गणेशोत्सव के दौरान नगर एवं गांवों में विभिन्न स्थानों पर आकर्षक गणेश पंडाल सजाए गए । पंडालों में प्रतिदिन भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना, आरती, भजन-कीर्तन सहित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया । सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और बड़ी संख्या में लोगों ने भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की ।
शुक्रवार और शनिवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हुआ । रिमझिम बारिश के बीच श्रद्धालुओं ने गणेश प्रतिमाओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया । इसके बाद प्रतिमाओं को सुसज्जित वाहनों एवं अन्य माध्यमों से नगर भ्रमण कराया गया । शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए । ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की धुन पर युवा एवं बच्चे उत्साह के साथ नाचते-गाते नजर आए ।
बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना । शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने गणेश प्रतिमाओं के दर्शन किए और पुष्प वर्षा कर भगवान श्री गणेश का स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा । गणेश भक्तों ने एक-दूसरे को गणेशोत्सव की शुभकामनाएं दीं और अगले वर्ष फिर से इसी उत्साह के साथ गणेशोत्सव मनाने का संकल्प लिया ।
नगर भ्रमण के बाद विभिन्न स्थानों पर स्थापित गणेश प्रतिमाओं को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ निर्धारित तालाबों एवं जलस्रोतों में विसर्जित किया गया । प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की आरती की और भावपूर्ण वातावरण में उन्हें विदाई दी । इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष से उमरियापान सहित आसपास का पूरा क्षेत्र गूंज उठ । इस अवसर पर सरपंच अटल व्यौहार, आदित्य ब्यौहार, रिषभ व्यौहार सहित श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली तथा क्षेत्र में सुखद वातावरण की कामना की ।



