मिश्र तालाब की सफाई की जिम्मेदारी नगर पालिका ने ली

रायसेन जिला विकास समिति करेगी निगरानी
रायसेन। मिश्र तालाब को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए रायसेन जिला विकास समिति द्वारा 5 सितंबर से चलाए जा रहे ‘सरोवर हमारे—धरोहर हमारी’ अभियान के तहत मिश्र तालाब की बदली तस्वीर को गणेश विसर्जन और पितृ पक्ष के दौरान नागरिकों ने देखा और प्रशंसा की.
अब तालाब की नियमित सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी नगर पालिका परिषद ने संभाल ली है। समिति अध्यक्ष हरीश मिश्रा ने इसे शुभ समाचार बताते हुए कहा कि अब विकास समिति पालिका के स्वच्छता अभियान में सहयोग और निगरानी करेगी। इसी के साथ समिति ने अगले दो महीने के लिए तालाब पर प्रतिदिन किया जाने वाला श्रमदान स्थगित करने का निर्णय लिया है।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि जमना सेन ने शुक्रवार को पालिका कर्मचारियों के साथ तालाब पर श्रमदान की शुरुआत की। उन्होंने अगले दो महीने में मिश्र तालाब की सफाई पूरी करने की घोषणा की। समिति अध्यक्ष मिश्र ने इसे नगर पालिका की संस्थागत जिम्मेदारी को आगे बढ़ाने वाली सकारात्मक पहल बताया।
विकास समिति के उपाध्यक्ष मनोज कुशवाह ने कहा कि समिति का उद्देश्य तालाब की जिम्मेदारी अपने हाथ में लेना नहीं है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को श्रमदान से जोड़कर तालाब की स्थिति में बदलाव की शुरुआत की । अब पालिका द्वारा जिम्मेदारी संभालने के बाद समिति तालाब में उतर कर श्रमदान के बजाय, तालाब किनारे लगे वृक्षों की देखभाल और सफाई करेगी।
अभियान संयोजक दीपक भदौरिया ने बताया कि अगले दो महीने समिति के सदस्य तालाब की स्वच्छता व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करेंगे। सफाई की गुणवत्ता, कचरा उठाने की व्यवस्था, तालाब परिसर की स्वच्छता और सफाई के बाद व्यवस्था कायम रहने पर विशेष नजर रहेगी।
विकास समिति के अनुसार मिश्र तालाब की निगरानी के लिए डॉ. ए.के. शर्मा, प्रहलाद चावला, नीलेन्द्र मिश्र, गिरधारीलाल शाक्य, दिनेश अग्रवाल, नरेन्द्र महेश्वरी,
मनोज कुशवाह, दीपक ठाकुर, रामपाल पठारिया ,दीपक भदौरिया और कन्हैयालाल रैकवार को शामिल किया गया है।
समिति का कहना है कि मिश्र तालाब पूरे शहर की धरोहर है। इसलिए सफाई को केवल अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे नियमित व्यवस्था में बदलना जरूरी है। दो महीने बाद निगरानी समिति पालिका की सफाई व्यवस्था की समीक्षा करेगी और उसके आधार पर आगे की भूमिका तय की जाएगी।
डॉ. अग्रवाल ने किया श्रम सैनिकों का सम्मान
रायसेन- रायसेन जिला विकास समिति द्वारा चलाए गए ‘सरोवर हमारे—धरोहर हमारी’ अभियान के तहत मिश्र तालाब की सफाई में श्रमदान करने वाले श्रम सैनिकों का समाजसेवी एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. ए.के. अग्रवाल ने सम्मान किया।
इस अवसर पर मनोज कुशवाह, दीपक भदौरिया (संयोजक—सरोवर हमारे, धरोहर हमारी) एवं कन्हैयालाल रैकवार को सम्मानित किया गया।
डॉ. अग्रवाल ने श्रमदान करने वाले सभी साथियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक धरोहरों के संरक्षण में नागरिकों की भागीदारी समाज के लिए प्रेरणादायक है।



