मध्य प्रदेश

करोड़ों की सड़क बनी मौत का रास्ता ! एमपीआरडीसी पर भ्रष्टाचार के आरोप

13 करोड़ की सड़क 4 साल में ही तबाह क्षतिग्रस्त सड़क में घटिया रिपेयर का निर्माण कार्य
सिलवानी । शहर को पहली बार मिली डिवाइडर युक्त डबल लाइन सड़क महज चार साल में ही गड्ढों में तब्दील हो गई है। करीब 13 करोड़ रुपए की लागत से आमापानी कॉलोनी से बजरंग चौराहा तक बनी 2 किमी की इस सड़क पर अब चलना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। सड़क निर्माण एजेंसी केपकॉन कंपनी और एमपीआरडीसी विभाग पर भारी लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने विभागीय अधिकारियों खासकर एजीएम सोनम सिंह पर खुलकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। सड़क निर्माण के समय ही घटिया गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे थे। अब हालात ये हैं कि सड़क उखड़ चुकी है, डिवाइडर टूट गए हैं और नालियों का मलबा सड़क पर फैला हुआ है। रिपेयर के नाम पर भी घोर लापरवाही जारी है क्षतिग्रस्त हिस्सों की सफाई तक किए बिना धूल मिली डस्ट पर ही डामरीकरण, का काम किया जा रहा है ठेकेदार द्वारा सड़क रिपेयर में रोलर से पिचिंग न होना, और बिना किसी अधिकारी की मौजूदगी में मजदूरों के भरोसे काम पूरा किया जाना। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की 5 साल की गारंटी होने के बावजूद 4 साल में ही वह पूरी तरह खराब हो गई। नागरिकों ने आरोप लगाया है कि एजीएम सोनम सिंह शिकायतों पर सिर्फ आश्वासन देती रहीं लेकिन सुधार के लिए मौके पर कभी समय नहीं दिया। उधर, कुछ दिन पहले रायसेन जिले की बरेली तहसील के नया गांव में एमपीआरडीसी द्वारा निर्मित पुल का हिस्सा गिरने से एक बाइक सवार की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद विभाग अब भी लापरवाही से काम कर रहा है, जिससे लोगों की नाराजगी चरम पर है।
नगरवासियों का आरोप है कि विभागीय अफसरों और ठेकेदारों की मिलीभगत से करोड़ों की सड़क गुणवत्ता के नाम पर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। उनकी मांग है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो, अन्यथा नगर में बड़ा जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा। अब बड़ा सवाल ये है
क्या एमपीआरडीसी जिम्मेदारों पर कार्रवाई करेगा या सिलवानी की ये सड़क किसी अगली गंभीर दुर्घटना का इंतज़ार करती रहेगी ?
इस संबंध में एमपीआरडीसी विभाग के एजीएम राहुल कोली का कहना है कि मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है सिलवानी नगर में जो सड़क रिपेयर का काम चल रहा है मैं स्वयं आकर निरीक्षण करूंगा।

Related Articles

Back to top button