सर्राफा व्यापारियों के साथ सुरक्षा को लेकर थाना में विशेष बैठक

सिलवानी। आगामी त्योहारों नवदुर्गा, दशहरा एवं दीपावली के मद्देनज़र थाना सिलवानी में सर्राफा व्यापारियों की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में थाना प्रभारी पुनम सविता ने व्यापारियों से सुरक्षा संबंधी कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।
बैठक में थाना प्रभारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि दुकान पर आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए सभी सर्राफा व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाएं। साथ ही, दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस थाने में वेरीफिकेशन कराना अनिवार्य किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता बनाने के लिए थाना प्रभारी ने सुझाव दिया कि प्रत्येक दुकान के बाहर एक रजिस्टर मेंटेन किया जाए, जिसमें आने वाले ग्राहकों का नाम, मोबाइल नंबर, आगमन और प्रस्थान का समय दर्ज किया जाए।
बैठक में कुल लगभग 20 व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य त्योहारों के समय होने वाली भीड़ और गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए व्यापारियों को सुरक्षा के प्रति सजग करना और आपसी सहयोग से अपराधों पर अंकुश लगाना था।
अंत में थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से क्षेत्र की निगरानी करेगा और व्यापारियों को हरसंभव सुरक्षा प्रदान की जाएगी।



