पोषण माह अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र मूड़ापार में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

सिलवानी। राष्ट्रीय पोषण अभियान के तहत चल रहे पोषण माह के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र मुड़ापार में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार पखवाड़ा के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर केंद्र सीएचओ द्वारा किशोरी बालिकाओं एवं 19 से 45 वर्ष की महिलाओं का एनीमिया जांच की गई। साथ ही महिलाओं को आयरन फोलिक एसिड की गोलियां वितरित की गईं, ताकि उन्हें एनीमिया जैसी समस्या से बचाया जा सके और पोषण स्तर में सुधार लाया जा सके।
शिविर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आशा धाकड़ की सक्रिय भूमिका उल्लेखनीय रही। उन्होंने महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार और उचित पोषण व्यवहार के बारे में जागरूक किया। साथ ही उन्होंने महिलाओं को विभिन्न प्रकार के योग एवं व्यायाम की विधियां भी बताईं, जिनके माध्यम से न केवल स्वास्थ्य में सुधार संभव है, बल्कि अनेक बीमारियों की रोकथाम भी की जा सकती है।
यह आयोजन परियोजना सिलवानी के सभी क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जा रहा है। जिसमें परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षकों का मार्गदर्शन लगातार प्राप्त हो रहा है।



