मध्य प्रदेश

सिमरिया स्कूल में जिला पंचायत सीईओ बनीं अध्यापिका

नन्हे मुन्ने बच्चों से संवाद कर ली पढ़ाई की जानकारी
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। जिला पंचायत की सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने गुरुवार को ढीमरखेड़ा विकासखंड के ग्राम सिमरिया स्थित प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे कुछ देर के लिए अध्यापिका बन गईं और कक्षा चौथी की छात्राओं—शबनम, शिवानी और वंदना से सवाल-जवाब कर उनकी पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली।
बच्चियों की बेबाकी और हाजिर जवाबी से प्रभावित होकर सीईओ कौर ने उनकी पीठ थपथपाई और खुले दिल से उनकी सराहना की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के महत्व पर चर्चा की और सरल भाषा में पाठ भी समझाया।
उपस्थिति पंजी और शैक्षणिक रजिस्टरों की जांच
निरीक्षण के दौरान सुश्री कौर ने उपस्थिति पंजी, शिक्षण रजिस्टर सहित अन्य दस्तावेजों का अवलोकन किया। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए ।
उन्होंने कहा—“आज के बच्चे ही कल के स्वर्णिम भारत के भविष्य निर्माता हैं। शिक्षा की नींव मजबूत होगी, तो वे अपने क्षेत्र और समाज का नाम रोशन करेंगे।
मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता परखी जिला पंचायत सीईओ ने मध्यान्ह भोजन की भी जांच करते हुए दाल और सब्जी को बाल्टी में चम्मच चलाकर गुणवत्ता परखी। उन्होंने ओम स्व-सहायता समूह को भोजन स्वच्छता से बनाने और सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी यजुवेंद्र कोरी तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button