अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान को लेकर जय किसान शक्ति ने सौंपा ज्ञापन
व्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । अतिवृष्टि से खरीफ फसल में हुए नुकसान को लेकर जय किसान शक्ति ने शासन से सर्वे कराकर मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से तहसीलदार एन एस परमार को सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया है कि विगत 15- 20 दिनों से हो रही लगातार बारिश से क्षेत्र में बोई गई उड़द, सोयाबीन, धान को भारी नुकसान हुआ है। किसानों की खेतों में पककर तैयार फसल अंकुरित हो गई हैं। जबकि उड़द की फसल को किसान खेत से घर नहीं ला सका है। असमय बारिश से किसानों को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। पूर्व से ही अधिक पानी गिरने से फसले खराब हो गई थी अपितु जो थोड़ी बहुत बची थी अब पकने पर पानी गिरने से सड़ने लगी हैं। किसानों को अपनी फसल की लागत भी निकालना मुश्किल हो गया है। जबकि किसानों ने 10 हजार प्रति क्विंटल का बीज खरीदकर बौवनी की थी। जिन किसानों ने सोयाबीन की कटाई शुरू कर दी थी पानी गिरने से उनकी फसल खेतों में ही बर्बाद हो गई है । वही लगातार दो दिन से हो रही तेज बारिश के कारण धान की फसल आड़ी हो गई है। जिससे किसान बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यदि शासन की सहायता नहीं मिली तो आगामी फसल की बौवनी से किसान भारी कर्ज के नीचे दब जाएगा जिससे अनेकों कार्य वैवाहिक संबंधी प्रभावित होने की पूर्ण संभावना है। किसान अपने साथ बोरियों में भरकर लाए सड़ी हुई सोयाबीन का निरीक्षण भी तहसीलदार को कराया।
क्षेत्र के किसानों ने मांग की हैं कि क्षेत्र के किसानों की फसलों में हुए नुकसान पर मुआवजा / क्षति राशि प्रदान करते हुऐं खरीफ फसल की बीमा राशि का लाभ किसानों को शीघ्र दिलाया जाए। जिससे अतिवृष्टि के कारण बर्बाद हुई फसलों से परेशान किसानों को कुछ राहत मिल सके और वह आगामी फसल की तैयारी बिना कर्ज लिए कर सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में जय किसान शक्ति के संयोजक डॉ रवि शर्मा, बाल गिरी गोस्वामी, सौरभ शर्मा, उमाशंकर करोलिया, अश्विनी श्रीवास्तव, प्रदीप लोधी, रामबाबू करोलिया, रविंद्र लोधी, राहुल पटेल , किशोर तिवारी, संतोष पटेल, अमित भार्गव, लाल साहब लोधी, भुज्जी लाल, शंकर साहू, विनोद चौरसिया, अजहर पटेल, प्रदीप मिश्रा, देशराज तोमर आदि प्रमुख हैं।




