खितौला में चोरों का आतंक, एक ही रात में तीन घरों के ताले तोड़ लाखों की नकदी जेवरात पार

लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से दहशत, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। नगर के लखराम मोहल्ला में चोरों ने एक ही रात में तीन मकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। अज्ञात बदमाशों ने सूने घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये की नकदी एवं सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
पीड़ित परिवारों ने बताया कि रात के समय चोर मकानों में घुसे और अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर नकदी, आभूषण सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए । चोरी की इस वारदात से प्रभावित परिवारों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए । पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है तथा अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इधर, एक ही रात में तीन घरों में हुई चोरी की वारदात ने खितौला नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस की नियमित गश्त प्रभावी नजर नहीं आ रही। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।



