तीसरे दिन मिला युवक का शव, रेस्क्यू टीम की मेहनत रंग लाई

गैरतगंज के मनकापुर नाले में बहा था युवक, सहजपुर के पास मिला शव
रिपोर्टर : सैयद मसूद अली पटेल
गैरतगंज । रायसेन जिले की गैरतगंज तहसील के ग्राम पंचायत कढ़ैया के मनकापुर गांव में मंगलवार को नाले में बहे युवक का शव गुरुवार को बरामद कर लिया गया। 35 वर्षीय अजय सिंह अहिरवार, जो तेज़ बारिश के दौरान नाले में नहाने गया था, बहाव में बह गया था। लगातार तीन दिनों तक चले सघन खोज अभियान क बाद गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे उसका शव सहजपुर गांव के पास नाले में मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर एक बजे अजय सिंह अहिरवार पिता रामसिंह अहिरवार गांव के पास स्थित नाले पर नहाने गया था। उसी दौरान हुई तेज बारिश से नाले में तेज बहाव आ गया और अजय उसमें बह गया। घटना के तुरंत बाद से ही गैरतगंज पुलिस, प्रशासन और रायसेन से आई रेस्क्यू टीम द्वारा लगातार तलाश अभियान चलाया गया।
तीसरे दिन गुरुवार को अजय का शव घटना स्थल से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर सहजपुर गांव की पुलिया के पास पानी में फंसा हुआ मिला। पुलिस ने सिविल अस्पताल पहुंचाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। इस पूरी कार्रवाई में एसडीआरएफ के कमांडर पीसी मयंक, सैनिक शिवशंकर बंजारा, भारत राजपूत, संतोष कुमार, धर्मेंद्र, प्रदीप एवं तहसीलदार नरेश सिंह राजपूत एवं थाना प्रभारी डीपी लोहिया व प्रशासनिक एवं रेस्क्यू टीम ने कहा है कि मानसून के दौरान जलस्रोतों के पास जाने से पहले सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना ज़रूरी है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे बारिश के दौरान नालों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें।



