वनरक्षक पर लाठी डंडों से किया हमला, जमीन सत्यापन को लेकर हुआ विवाद

बम्होरी । शुक्रवार शाम वन परिक्षेत्र बम्होरी के वन ग्राम कुकबारा में वन रक्षक जितेंद्र लोधी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है बताया गया है कि वनरक्षक जितेंद्र लोधी जंगल में ड्यूटी के दौरान भ्रमण के बाद गांव पहुंचे थे। वहां जालम भील ने अपनी जमीन का सत्यापन करने को कहा। जितेंद्रलोधी ने बताया कि जिस जगह पट्टा है, वहीं सत्यापन होगा। जालम ने दूसरी जगह पर सत्यापन की मांग की। जितेंद्र लोधी ने मना कर दिया और रेंजर से मिलने की सलाह दी।
इसी बात पर विवाद बढ़ गया जालम, उसकी पत्नी, भुरिया भील और सुखराम ने जितेंद्रलोधी पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। लोधी के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। वह करीब दो घंटे तक बेहोश पड़े रहे। देर शाम पुलिस और वन विभाग के लोग पहुंचे। परिजन भी मौके पर पहुंचे। घायल वनरक्षक जितेंद्र लोधी को पुलिस वाहन से थाने लाया गया। मामला अग्रिम कार्रवाई हेतु जांच में लिया गया है।



