तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार कर तीन बाइक बरामद
रिपोर्टर : मधुर राय
बरेली। क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसडीओपी सुरेश दामले के निर्देशन में थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने बाइक चोरों को पकड़ने टीम गठित की थी जिसके फलस्वरूप बरेली पुलिस ने तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पूछताछ के दौरान पकड़े गए चोरों ने बाइक चोरी करने की घटनाएं स्वीकार की हैं। पुलिस ने पकड़े गए चोरों से लगभग डेढ़ लाख रूपये कीमत की तीन मोटर साईकिल भी बरामद कर ली हैं।
बरेली थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने बताया कि दिनांक 27 जुलाई 24 को फरियादी परसोत्तम राजपूत निवासी ग्राम समनापुर जागीर ने रिपोर्ट लिखाई थी कि मैं चारगांव स्थित अपने खेत के पास रोड पर गाड़ी खड़ी करके चला गया था तभी कोई अज्ञात चोर मेरी मोटर साइकिल क्रमांक एमपी 38 एम 2649 को चुरा ले गया था, फरियादी की सूचना पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था।
पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे एवं बरेली एसडीओपी सुरेश कुमार दामले के द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों में मशरूका की बरामदगी व आरोपी की धरपकड़ करने हेतु निर्देशित किया गया है, जिसके तारतम्य में बरेली थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी बाइक चोरों को पकड़ने पुलिस टीम गठित की गई थी।
बरेली थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने अपने चिर- परिचित अंदाज में बाइक चोरों को पकड़ने के लिए जांच प्रारंभ करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्य का अवलोकन किया और मुखबिर की सूचना पर संदेही गोविंद आदिवासी को पकड़कर उससे पूछताछ की। पहले तो संदेही कुछ भी बताने में आना-कानी करता रहा परंतु जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो गोविंद आदिवासी टूट गया और रटे हुए तोते की तरह उसने अपने साथी इरफान अंसारी एवं बृजेश ठाकुर के साथ मिलकर दिनांक 27 जुलाई 2 4 को चारगावं, दिनांक 27 जुलाई 24 को बरेली सब्जी मंडी एवं दिनांक 17 जून 24 को पिपरिया रोड बरेली से बाईक चोरी करने की बात स्वीकर कर ली।
बरेली पुलिस ने गोविंद पिता कमलेश आदिवासी उम्र 25 वर्ष निवासी चुन्हेटिया थाना सिलवानी, बृजेश ठाकुर पिता महेश ठाकुर उम्र 30 वर्ष निवासी चुन्हेटिया थाना सिलवानी एवं इरफान अंसारी पिता इंदू उर्फ मुन्ना अंसारी उम्र 23 वर्ष निवासी बरूची मंदिर के पास गोरा बाजार जबलपुर को गिरफ्तार कर उनसे चोरी की गई डेड़ लाख रूपये कीमत की तीन मोटर साईकिलें भी बरामद कर ली हैं।
मोटर साईकिल चोरी के इस प्रकरण का खुलासा करने एवं आरोपियों को पकड़ने में थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी, उनि रामप्रसाद गोहे, उनि मनोज धूर्वे, सउनि शिवकुमार शुक्ला, प्रआर राजेश राजपूत, आर मुकेश पटेल, आर लोकेश राजपूत, आर महेन्द्र राजावत एवं सैनिक शुभम
राजपूत की सराहनीय भूमिका
रही है।



